सुकमा

गादीरास में हरीश कवासी ने विद्यार्थियों से किया संवाद
04-Jul-2026 9:50 PM
गादीरास में हरीश कवासी ने विद्यार्थियों से किया संवाद

कहा-रोजगार और युवा नेतृत्व से बदलेगा जिला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सुकमा, 4 जुलाई। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरीश कवासी ने शनिवार को गादीरास में छात्र-छात्राओं के साथ संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय छात्र-छात्राएं शामिल हुए। संवाद के दौरान शिक्षा का अधिकार, युवाओं का नेतृत्व, शिक्षा की गुणवत्ता और रोजगार के अवसर जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर खुलकर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में नीट परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक का मुद्दा प्रमुखता से उठा। इस विषय पर चिंता व्यक्त करते हुए हरीश कवासी ने कहा- बार-बार होने वाले पेपर लीक से प्रतिभावान छात्रों का भविष्य अंधकार में जा रहा है। दिन-रात मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों के साथ यह सरासर अन्याय है। आने वाले समय में जब कांग्रेस की सरकार आएगी, तो निष्पक्ष तरीके से परीक्षाओं का आयोजन कराया जाएगा और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

शिक्षा की गुणवत्ता और स्थानीय रोजगार पर जोर

संवाद कार्यक्रम में हरीश कवासी ने सुकमा जिले की शैक्षणिक स्थिति और रोजगार के अवसरों को लेकर कई अहम बातें कहीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी की मोहताज नहीं है, यह हर बच्चे का संवैधानिक अधिकार है। शासन को दूरस्थ आदिवासी इलाकों में स्कूलों की गुणवत्ता सुधारने और शिक्षकों की कमी को प्राथमिकता से दूर करना चाहिए।

कवासी ने कहा कि सिर्फ स्कूल खोलना पर्याप्त नहीं है। सुकमा के छात्रों को भी रायपुर और अन्य बड़े शहरों की तर्ज पर अत्याधुनिक लैब, लाइब्रेरी और कंप्यूटर की सुविधाएं मिलनी चाहिए।

 उन्होंने विद्यार्थियों से राजनीति से न डरने की अपील करते हुए कहा कि पंचायत से लेकर विधानसभा तक युवाओं को आगे आना चाहिए, क्योंकि युवा नेतृत्व ही जिले का भविष्य तय करेगा।

बेरोजगारी पर चर्चा करते हुए उन्होंने कौशल विकास (स्किल) पर जोर दिया और आश्वासन दिया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों में प्राथमिकता दी जाएगी।

छात्र-छात्राओं ने बताईं समस्याएं

संवाद के दौरान छात्र-छात्राओं ने भी अपनी जमीनी समस्याओं से अवगत कराया। विद्यार्थियों ने क्षेत्र में शिक्षकों की कमी, छात्रावासों में सुविधाओं का अभाव और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए स्थानीय स्तर पर कोचिंग की व्यवस्था न होने का मुद्दा उठाया।

इन मांगों पर प्रतिक्रिया देते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि छात्रों की सभी जायज मांगों को संगठन के माध्यम से सरकार तक पहुँचाया जाएगा। साथ ही उन्होंने जिले में एक  ‘युवा संवाद मंच ’ बनाने की घोषणा की, ताकि भविष्य में भी छात्रों की आवाज और उनकी समस्याओं को लगातार सुना जा सके।

कार्यक्रम के समापन पर जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारी और ब्लॉक कांग्रेस के कार्यकर्ता भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट