सुकमा

संग्रहण केंद्र में करोड़ों का धान खराब, रिकॉर्ड संबंधी विसंगति भी- आरोप
01-Jul-2026 9:48 PM
संग्रहण केंद्र में करोड़ों का धान खराब, रिकॉर्ड संबंधी विसंगति भी- आरोप

कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, जांच की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सुकमा, 1 जुलाई । जिला मुख्यालय सुकमा के धान संग्रहण केंद्र में धान की स्थिति और रिकॉर्ड संबंधी विसंगतियों की उच्च स्तरीय जांच के लिए जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश कवासी के निर्देश पर एक प्रतिनिधिमंडल का गठन किया गया। इस प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से धान खरीदी और संग्रहण केंद्र में कथित विसंगतियों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा किए गए पिछले निरीक्षण का हवाला देते हुए ज्ञापन में विभागीय लापरवाही के संबंध में कई बिंदु उठाए गए हैं।  ज्ञापन में आरोप लगाया कि संग्रहण केंद्र में खुले में रखे होने के कारण करीब 2 करोड़ 68 लाख रुपये मूल्य का धान खराब और अमानक हो चुका है।

 कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि जिला स्तरीय समिति के सत्यापन में 1,115.86 मीट्रिक टन धान रिकॉर्ड से कम पाया गया है, जिसे केवल सूखत (नमी की कमी) बताकर फाइल बंद करने का प्रयास किया जा रहा है।

 ज्ञापन में कहा गया है कि कथित लापरवाही के कारण 1,295.90 मीट्रिक टन धान खुले में खराब हुआ है, जिससे प्रतीत होता है कि धान के उठाव और परिवहन में देरी की गई।

कांग्रेस ने की मांग की कि इस पूरे मामले की तय समय-सीमा के भीतर उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए। रिकॉर्ड में धान की कमी और लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों तथा विपणन संघ के कर्मचारियों पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि यदि प्रशासन द्वारा इस मामले पर शीघ्र ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो जिला कांग्रेस कमेटी आम जनता और किसानों के हितों के लिए आंदोलन करने पर बाध्य होगी।


अन्य पोस्ट