सुकमा

भाजपा नेताओं के दौरे मात्र प्रचार तक सीमित-दुर्गेश राय
29-Jun-2026 10:38 PM
भाजपा नेताओं के दौरे मात्र प्रचार तक सीमित-दुर्गेश राय

प्रदेश कांग्रेस सचिव ने साधा निशाना

सुकमा, 29 जून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव दुर्गेश राय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को लेकर भाजपा के मंत्रियों और सांसदों के दौरों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं के दौरों का उद्देश्य केवल प्रचार तक सीमित है और उन्हें सुकमा की जमीनी समस्याओं से सरोकार नहीं है। कांग्रेस नेता दुर्गेश राय ने कहा कि केशलूर से तोंगपाल तक की सडक़ जर्जर स्थिति में है, जो सुकमा जिले की मुख्य संपर्क मार्ग (लाइफलाइन) है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र के दौरे पर आने वाले भाजपा नेता और सांसद इस सडक़ की स्थिति का जिक्र तक नहीं करते। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इस सडक़ पर कोई पहल नहीं की गई, तो आगामी मानसून में मार्ग बंद होने की कगार पर पहुंच जाएगा, जिससे व्यापार और स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।दुर्गेश राय ने पिछली व्यवस्थाओं की तुलना करते हुए कहा कि पूर्व में क्षेत्र के लोग तेंदूपत्ता तोड़ाई, गौठान, वनोपज संग्रहण और मुर्गी पालन जैसी गतिविधियों के माध्यम से अपनी आजीविका चला रहे थे। उन्होंने कहा कि राजीव युवा मितान क्लब के माध्यम से युवाओं को सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों के लिए राशि मिल रही थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने इन योजनाओं को बंद कर लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचाया है।

प्रेस विज्ञप्ति में प्रदेश कांग्रेस सचिव ने कई आरोप लगाए हैं।  सुकमा की जनता को डीजल, पेट्रोल और कृषि कार्य के लिए खाद के लिए लंबी लाइनों में लगना पड़ रहा है। किसान खाद की कमी से परेशान हैं। स्थानीय जिला अस्पताल में डॉक्टरों और समुचित व्यवस्थाओं की कमी है, जिसके कारण मरीजों को इलाज के लिए मजबूरन पड़ोसी राज्यों पर आश्रित होना पड़ रहा है। जीएसटी के कारण स्थानीय व्यापारी और रोजगार के अवसरों की कमी से क्षेत्र के युवा परेशान हैं।

दुर्गेश राय ने कहा कि इन गंभीर मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय सत्ता पक्ष के नेता केवल दिखावे की राजनीति कर रहे हैं।


अन्य पोस्ट