सुकमा
सुकमा, 26 जून। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा नीट परीक्षा से जुड़े घटनाक्रम को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश कवासी के दिशा-निर्देश पर आयोजित इस प्रेस वार्ता को जिला उपाध्यक्ष शेख सज्जार ने संबोधित किया।
प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष शेख सज्जार ने परीक्षा प्रक्रिया में हुई कथित अनियमितताओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि परीक्षा रद्द होना देश के लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों के विश्वास पर सीधा आघात है। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि यदि पेपर लीक, भ्रष्टाचार या किसी भी प्रकार की अनियमितता हुई है, तो इसकी निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जानी चाहिए और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रेस वार्ता में कहा गया कि देश के लाखों छात्रों ने कड़ी मेहनत के बाद यह परीक्षा दी है। कांग्रेसी नेताओं के अनुसार, इस अनिश्चितता से छात्रों को शैक्षणिक, मानसिक और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है, जिससे उनका एक पूरा शैक्षणिक वर्ष और मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के अवसर प्रभावित होने की आशंका है। नेताओं ने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी है कि वह छात्रों के हितों की रक्षा करे और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता बनाए रखे। जिला कांग्रेस कमेटी ने सरकार से जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस विषय पर शीघ्र निर्णय लेकर विद्यार्थियों के भविष्य को सुरक्षित करना चाहिए।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष शेख सज्जार, जिला महामंत्री राजू साहू, जिला महामंत्री रमेश राठी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद हुसैन, विधायक प्रतिनिधि मनोज चौरसिया, युवक कांग्रेस नगर अध्यक्ष रानू दास, सत्येन्द्र गुप्ता सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।