सुकमा
भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक व नक्सल सामान मिले
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 24 मई। सुकमा जिला के थाना चिंतलनार, चिंतागुफा और कुकानार क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा पूर्व में जंगल-पहाड़ी क्षेत्रों में छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में हथियार, राउंड, विस्फोटक एवं अन्य नक्सल सामान को सुरक्षा बलों ने बरामद किया।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पूर्व में सक्रिय रहे और वर्तमान में आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों से मिली सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस के मुताबिक 17 मई को रविकांत सहारे के नेतृत्व में थाना कुकानार क्षेत्र के ग्राम गादम के जंगल-पहाड़ी इलाके में संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान विस्फोटक सामग्री बरामद किए जाने की जानकारी दी गई।
21 मई को थाना चिंतलनार क्षेत्र में कैंप तुमालपाड़ से सुभांजय कर्मकार और अनुप कुमार के नेतृत्व में संयुक्त बल ग्राम तुमालपारा के जंगल क्षेत्र में सर्चिंग अभियान के लिए रवाना हुआ। पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान हथियार, बीजीएल सेल और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।
23 मई को थाना चिंतलनार क्षेत्र के ग्राम नागाराम में रविकांत सहारे के नेतृत्व में संयुक्त कार्रवाई के दौरान एके-47 राउंड और अन्य सामग्री बरामद किए जाने की जानकारी दी गई। पुलिस का कहना है कि यह सामग्री जंगल क्षेत्र में छिपाकर रखी गई थी।
इसी क्रम में 24 मई 2को थाना चिंतागुफा क्षेत्र में कैंप मेटागुड़ेम से स्वप्निल संतोष और विवेक कुमार के नेतृत्व में संयुक्त बल ग्राम ईरापल्ली के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग अभियान के लिए रवाना हुआ। पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान लैपटॉप, वायरलेस सेट और अन्य सामग्री बरामद की गई।
पुलिस ने बताया कि सभी अभियानों के बाद सुरक्षा बल सुरक्षित वापस लौट आए।


