सुकमा
परिजनों ने इलाज में देरी का लगाया आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 19 मार्च। सुकमा जिले के गादीरास क्षेत्र में एक गर्भवती और उसके नवजात की मौत का मामला सामने आया है। घटना 17 मार्च की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार माडियारास कोर्रा निवासी सोड़ी सोमड़ी को शाम लगभग 8 बजे गादीरास अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में इलाज में देरी हुई, जिसके कारण महिला और नवजात की मृत्यु हो गई। उनका कहना है कि समय पर उपचार मिलने पर स्थिति अलग हो सकती थी।
स्थानीय लोगों ने भी स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि जिला और ब्लॉक स्तर के अस्पतालों में सुविधाओं की कमी और स्टाफ की अनुपस्थिति जैसी समस्याएं बनी रहती हैं।
इस संबंध में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामले में जांच और आगे की कार्रवाई की प्रतीक्षा है।


