सुकमा

छात्रावास के नाबालिग छात्र की संदिग्ध मौत
12-Mar-2026 11:29 PM
छात्रावास के नाबालिग छात्र की संदिग्ध मौत

जांच कर कार्रवाई करने की मांग

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
सुकमा, 12 मार्च।
सुकमा जिले के पोलम्पल्ली स्थित बालक छात्रावास में अध्ययनरत 13 वर्षीय छात्र की मौत के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, छात्र सुनील पिछले तीन–चार दिनों से बीमार बताया जा रहा था और छात्रावास में ही उसका इलाज चल रहा था। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे छात्रावास अधीक्षक उसे इलाज के लिए दोरनापाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई। उपचार के दौरान ही छात्र की मौत हो गई।

डॉक्टरों के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में छात्र में खून की कमी (एनीमिया) की समस्या बताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण स्पष्ट होने के लिए आगे की जांच आवश्यक बताई जा रही है।

इस मामले को लेकर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष बबिता माड़वी ने छात्र की मौत पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदारों की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।

बताया जा रहा है कि मृतक छात्र सुनील बेदरे गांव का निवासी था और कक्षा 9वीं में पढ़ाई कर रहा था। पोस्टमॉर्टम के बाद देर शाम छात्र का शव परिजनों को सौंप दिया गया।

इस घटना के बाद छात्रावासों में छात्रों की स्वास्थ्य देखभाल और भोजन व्यवस्था को लेकर प्रशासन पर निगरानी बढ़ाने की मांग भी उठने लगी है।


अन्य पोस्ट