सुकमा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 26 फरवरी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की जारी हड़ताल को कांग्रेस पार्टी ने समर्थन दिया है। गुरुवार को कांग्रेस नेताओं ने आंदोलन स्थल पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की और उनकी मांगों के समर्थन की घोषणा की।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष हरीश कवासी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता वर्षों से महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं का संचालन कर रही हैं। उनके अनुसार, सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन में जिलेभर से सैकड़ों कार्यकर्ता और सहायिकाएं शामिल रहीं। हड़ताल के कारण कई आंगनबाड़ी केंद्रों में ताला लगा रहा, जिससे विभागीय योजनाओं के संचालन पर असर पड़ा।
प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे पोषण अभियान, टीकाकरण सहयोग, गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों की देखरेख, सर्वे कार्य सहित विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही हैं। इसके बावजूद उन्हें शासकीय कर्मचारी का दर्जा, वेतनमान और अन्य सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उनका यह भी कहना है कि वर्तमान मानदेय महंगाई के अनुरूप पर्याप्त नहीं है। धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि यदि शासन-प्रशासन द्वारा मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा आवश्यकता पडऩे पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर भी विचार किया जा सकता है।


