सुकमा

बाला टिकरा पोटाकेबिन में 2 छात्राएं झुलसीं
21-Feb-2026 4:34 PM
 बाला टिकरा पोटाकेबिन में 2 छात्राएं झुलसीं

कलेक्टर को ज्ञापन, जांच और कार्रवाई की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सुकमा, 21 फरवरी। सुकमा जिले के छिंदगढ़ ब्लॉक अंतर्गत बाला टिकरा बालिका पोटाकेबिन में दो छात्राओं के झुलसने की घटना को लेकर युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव एवं नगर पालिका परिषद के एक पार्षद ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया है कि कुछ दिन पूर्व पोटाकेबिन परिसर में खाना बनाते समय दो नाबालिग छात्राएं—जिया और अमृता—झुलस गईं। प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से प्रदेश सचिव ने आरोप लगाया है कि छात्राओं से रसोई में खाना बनवाया जा रहा था और उसी दौरान चूल्हे पर रखे बर्तन की कुंडी टूटने से वे उसकी चपेट में आ गईं। उनके अनुसार घटना के समय स्टाफ के कर्मचारी भी मौजूद थे। उन्होंने दोनों छात्राओं की स्थिति को चिंताजनक बताया है।

युवा कांग्रेस पदाधिकारी ने इस मामले में उच्च स्तरीय जांच कराने, संबंधित पोटाकेबिन अधीक्षक एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने, तथा पीडि़त छात्राओं को नि:शुल्क उपचार और मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले में लापरवाही पाए जाने पर आंदोलन किया जाएगा।

घटना को लेकर प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जिला प्रशासन द्वारा मामले की जांच की स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।


अन्य पोस्ट