सुकमा

सीआरपीएफ 226वीं वाहिनी का तुमालपाड़ में मेडिकल कैंप
06-Feb-2026 3:54 PM
सीआरपीएफ 226वीं वाहिनी का तुमालपाड़ में मेडिकल कैंप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सुकमा, 6 फरवरी। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 226वीं वाहिनी द्वारा 5 फरवरी को जिला सुकमा के गांव तुमालपाड़ में सिविक एक्शन कार्यक्रम के तहत मेडिकल कैंप आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस महानिरीक्षक, छत्तीसगढ़ सेक्टर केरिपुबल रायपुर, पुलिस उप महानिरीक्षक (ऑप्स) सुकमा तथा 226वीं बटालियन के कमांडेंट एच.पी. सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में डी/226 समवाय के कार्यक्षेत्र तुमालपाड़ गांव के लगभग 172 पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए। इस अवसर पर 226वीं बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी वीरेन्द्र कुमार खंतवाल और सहायक कमांडेंट अरविंद कुमार ने ग्रामीणों को संबोधित किया।

अपने संबोधन में अधिकारियों ने कहा कि नक्सली अपने फायदे के लिए गरीब जनता और उनके बच्चों को गुमराह कर नक्सली गतिविधियों में शामिल होने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं, अपने बच्चों को शिक्षा दिलवाएं और भारत सरकार तथा राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उठाएं।

उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ग्रामीणों के साथ है और उनकी हर संभव मदद के लिए तत्पर रहेगा। उन्होंने ग्रामीणों से सहयोग की अपेक्षा भी की।

कार्यक्रम के अंतर्गत ग्रामीणों के लिए नि:शुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया। मेडिकल कैंप में 226वीं वाहिनी के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.एल. कृष्णा, पैरामेडिकल स्टाफ उपनिरीक्षक एस.एस.एन. अनिल कुमार मीणा और फस्र्ट एडर सिपाही जी.डी. ओझा ने स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं।

इस अवसर पर तुमालपाड़, भीमापुरम और चिनावोडकेल के सरपंचों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और डी/226 समवाय के अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट