सुकमा

मेला देखने जा रही युवती की गाड़ी की चपेट में मौत
06-Feb-2026 3:52 PM
मेला देखने जा रही युवती की गाड़ी की चपेट में मौत

युवक पर लगाया हत्या का आरोप, पुलिस जांच शुरु

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सुकमा, 6 फरवरी। सुकमा जिला के छिन्दगढ़ थाना क्षेत्र के मुर्रेपाल गांव के समीप एक सडक़ हादसे में 17 वर्षीय युवती की स्कॉर्पियो की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने इस घटना को लेकर एक युवक पर जानबूझकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोकवाड़ा निवासी कंचन (17 वर्ष) अपने चाचा के साथ बस से सुकमा मेला देखने के लिए निकली थी। परिजनों के मुताबिक, कंचन ने घर से निकलते समय बताया था कि वह पहले छिन्दगढ़ जाएगी और वहां से अपनी सहेली के साथ मेला देखने जाएगी।

बताया गया कि बुधवार दोपहर लगभग 2.30 बजे परिजनों को सूचना मिली कि कंचन के साथ दुर्घटना हो गई है। सूचना देने वाले व्यक्ति ने पहचान की पुष्टि के लिए फोटो भी भेजा। इसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां युवती की मौत होने की जानकारी मिली।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुर्रेपाल गांव के पास एक स्कॉर्पियो की चपेट में आने से युवती घायल हो गई थी। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि पड़ोस गांव के निवासी आदित्य बघेल पहले भी कंचन को परेशान कर चुके थे और घटना के समय उक्त वाहन में वही लोग सवार थे। उनका कहना है कि यह घटना केवल दुर्घटना नहीं, बल्कि जानबूझकर की गई है।

छिन्दगढ़ पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया है और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए जा रहे हैं और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


अन्य पोस्ट