सुकमा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 23 जनवरी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के दिशा निर्देश में जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश कवासी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजूराम नाग, कोसा मरकाम, भरत बघेल, स्माल पोडियम, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लखमा नाग की अगुवाई में कांग्रेसी कार्यकर्ता छिंदगढ़ ब्लॉक के कस्तूरी ग्राम से मनरेगा योजना के अंतर्गत कार्यरत सैकड़ों मजदूरों के बीच पहुंचे।
अध्यक्ष हरीश कवासी ने मजदूरों से मनरेगा योजना से मिलने वाले लाभ और नई योजना वीबी-जी राम जी के तहत हो रहे मजदूरों को नुकसान के विषय पर चर्चा की।
उन्होंने कांग्रेस संगठन द्वारा चलाए जा रहे मनरेगा बचाओ संग्राम की जानकारी देते हुए मजदूरों के हो साथ हो रहे अन्याय और भाजपा सरकार की हिटलरशाही के विषय में आम जनता से चर्चा कर उन्हें जागरूक किया।
जिला अध्यक्ष ने उक्त तर्कों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील भी की।
जिला अध्यक्ष हरीश कवासी ने महिलाओं से चर्चा की। महिला मजदूरों को मनरेगा के बदलाव से हो रहे अन्याय पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अपील की कि अपने साथ-साथ अपने परिवार और अपने आसपास के जनमानस को आप सचेत करें।
कार्यक्रम के दरमियान जिलाध्यक्ष हरीश कवासी और कांग्रेस नेताओं ने मजदूरों के साथ कुछ घंटे चर्चा कर उनके मेहनत को नमन करते हुए उन्हें पूरे वर्ष काम मिलने और सही पारिश्रमिक प्रदान करने की बात कही।


