सुकमा

4 ईनामी समेत आठ नक्सलियों का समर्पण
02-Jun-2024 8:10 PM
4 ईनामी समेत आठ नक्सलियों का समर्पण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सुकमा, 2 जून। रविवार को सुकमा जिले में आठ नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया, जिनमें से चार पर कुल पांच लाख रुपये का ईनाम था।

नक्सलियों ने पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण किया।

पुलिस की जारी विज्ञप्ति के अनुसार नक्सली राज्य सरकार की नक्सल उन्मूलन नीति और सुकमा पुलिस के पुनर्वास अभियान ‘पूना नर्कोम’ ( नई सुबह, नई शुरुआत) से भी प्रभावित हुए थे।

आत्मसमर्पण करने वाले आठ नक्सलियों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं, जिन्हें कथित तौर पर सडक़ें काटने, नक्सल पर्चे और पोस्टर लगाने एवं सुरक्षाकर्मियों की जानकारी प्राप्त करने और नक्सलियों के लिए अवैध उगाही करने का काम सौंपा गया था।

आत्मसमर्पण करने वालों में से महिला नक्सली वेट्टी मासे (42) पर दो लाख रुपये का इनाम था। तीन अन्य नक्सलियों सागर उर्फ देवा मडक़ाम (31), पोडियम नांदे (30) और सोढ़ी तुलसी (32) पर एक-एक लाख रुपये का इनाम था। आत्मसमर्पित अन्य नक्सलियों  में वेट्टी सुक्का ( 30), वेट्टी हड़मा ( 41 वर्ष) , कवासी देवा (34 वर्ष) एवं कलमू सिंगा (45 वर्ष) हैं।


अन्य पोस्ट