सारंगढ़-बिलाईगढ़

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में गड़बड़ी की शिकायत, रायपुर से आई विशेष टीम ने की जांच
15-Jun-2026 4:09 PM
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में गड़बड़ी की शिकायत, रायपुर से आई विशेष टीम ने की जांच

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सारंगढ़, 15 जून। सारंगढ़ जिले में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत टेंट, भोजन और विवाह सामग्री के क्रय में नियमों की अनदेखी और वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। इस संबंध में मिली शिकायतों के बाद राज्य महिला एवं बाल विकास विभाग की विशेष जांच टीम ने सारंगढ़ पहुंचकर मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी है।

नियमों की अनदेखी और सामग्री की गुणवत्ता पर आरोप

दस्तावेजों के अनुसार, सारंगढ़ में बीती 10 फरवरी और 8 मई को सामूहिक विवाह कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। शिकायतकर्ताओं सोमदेव कुमार और माधव सिंह ने महिला एवं बाल विकास विभाग के राज्य सचिव (रायपुर) को बिंदुवार शिकायत भेजी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि लगभग 15 लाख रुपये के टेंट, भोजन और विवाह सामग्री की खरीदी के लिए नियमानुसार न तो किसी क्रय समिति का गठन किया गया और न ही बाजार से कोटेशन मंगाए गए।

शिकायतकर्ताओं का यह भी आरोप है कि विवाह में नवदम्पतियों को वितरित की गई सामग्री की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थी, जिसके कारण वर-वधू के परिजनों में असंतोष देखा गया था।

रायपुर की विशेष टीम ने दर्ज किए बयान

मामले की गंभीरता को देखते हुए 10 जून को रायपुर से आई महिला एवं बाल विकास विभाग की विशेष जांच टीम ने जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय पहुंचकर जांच पड़ताल की। इस दौरान जांच टीम ने शिकायतकर्ताओं को नोटिस जारी कर उनके बयान दर्ज किए और संबंधित दस्तावेजों की जांच कर अपनी रिपोर्ट तैयार की है।


अन्य पोस्ट