सारंगढ़-बिलाईगढ़
सारंगढ़, 14 जून। क्षेत्र के तबला वादक एवं कला साधक स्व. जगदीश प्रसाद महंत की वार्षिक श्राद्ध तिथि पर उनके गृह ग्राम देवगांव में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधियों, कला जगत से जुड़े लोगों एवं सैकड़ों ग्रामीणों ने उपस्थित होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके कला एवं सांस्कृतिक योगदान को स्मरण किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने कहा कि स्व. जगदीश प्रसाद महंत का व्यक्तित्व सरल, सौम्य एवं प्रेरणादायी था। उनकी कला साधना और सामाजिक योगदान सदैव स्मरणीय रहेंगे।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय जगदीश प्रसाद महंत ने अपना पूरा जीवन भारतीय संगीत और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समर्पित किया। उन्होंने अपनी कला के माध्यम से न केवल लोगों का मनोरंजन किया, बल्कि धार्मिक आयोजनों को भी गरिमा और भव्यता प्रदान की।
उल्लेखनीय है कि स्व. जगदीश प्रसाद महंत जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय के निज सहायक एवं शिक्षक ध्रुवदास महंत तथा पत्रकार स्वतंत्र दास महंत के पिता थे।
वे अपने समय के प्रसिद्ध तबला वादक थे। क्षेत्र में आयोजित होने वाले नवधा रामायण, रामचरित मानस पाठ, भजन-कीर्तन एवं विभिन्न धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों में उनकी विशेष उपस्थिति रहती थी।


