सारंगढ़-बिलाईगढ़
सारंगढ़, 15 जून। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की सरिया पुलिस ने कंचनपुर बैरियर पर वाहन चेकिंग के दौरान एक थार गाड़ी से 9 लाख 92 हजार 900 रुपये नकद बरामद किए हैं। नकदी के संबंध में मौके पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने के कारण पुलिस ने राशि और वाहन को जब्त कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 जून की शाम कंचनपुर बैरियर पर सरिया थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान सरिया से ओडिशा की ओर जा रही लाल रंग की थार वाहन क्रमांक ओडी 17 एए 9999 को रोककर उसकी जांच की गई। वाहन में चालक लक्ष्मण मंचम निवासी प्रधानपाली, जिला बरगढ़, ओडिशा सवार था।
सीड्स कंपनी का कर्मचारी है चालक
जांच के दौरान वाहन में रखे एक बैग से 9 लाख 92 हजार 900 रुपये नकद प्राप्त हुए। पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि वह एक सीड्स कंपनी में काम करता है और उक्त राशि लेकर ओडिशा जा रहा था।
जब पुलिस टीम ने बरामद नकदी से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, तो चालक की ओर से कोई दस्तावेज पेश नहीं किया जा सका। इसके पश्चात पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत नकदी और वाहन को जब्त कर लिया। बरामद राशि को सीलबंद कर आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई के लिए आयकर विभाग, बिलासपुर को सौंप दिया गया है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।


