सारंगढ़-बिलाईगढ़

गांवों में खेती बचाव अभियान
15-Jun-2026 3:45 PM
गांवों में खेती बचाव अभियान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सारंगढ़ बिलाईगढ़, 15 जून।  किसानों को आधुनिक कृषि के क्षेत्र में जागरूक करने एवं उन्नत खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले के सभी विकासखंडों में 1 जून से 30 जून तक ग्राम पंचायत स्तर पर ‘खेती बचाव अभियान’ अंतर्गत शिविर का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे इस आयोजन का लाभ लें और खेती किसानी में कृषि संबंधी आधुनिक एवं पारंपरिक ज्ञान का लाभ लेकर अपनी फसल उत्पादन क़ो बढ़ाएं।

जिले में अब तक 150 से अधिक ग्राम पंचायतों में ‘खेती बचाव अभियान’ अंतर्गत शिविर का आयोजन किया जा चुका है, जिसमें कृषि वैज्ञानिकों एवं कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा मृदा स्वास्थ्य परीक्षण, उर्वरकों का संतुलित उपयोग, एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन, फसल चक्र के महत्त्व, जैविक एवं परंपरागत कृषि तथा किसानों को उन्नत बीज, आधुनिक कृषि तकनीकियों की जानकारी व विभागीय योजनाओं सहित समसामयिक जानकारी साझा किया जा रहा है।

कृषि विभाग से मिली जानकारी अनुसार आगामी 17 जून क़ो जनपद पंचायत बरमकेला में खेती बचाव अभियान का आयोजन किया जाएगा। कृषि विभाग सारंगढ़ बिलाईगढ़ की ओर से जिले के सभी किसान भाईयों से अपील है कि अपने ग्राम पंचायत क्षेत्र में आयोजित ‘खेती बचाव अभियान’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम का लाभ प्राप्त करते हुए, अभियान को सफल बनाने में अपना अमूल्य सहयोग प्रदान करें।


अन्य पोस्ट