सारंगढ़-बिलाईगढ़
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
सारंगढ़, 26 फरवरी। नगर के कचहरी परिसर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। संयुक्त मंच के प्रांतीय आह्वान पर 26 एवं 27 फरवरी को दो दिवसीय कामबंद आंदोलन के तहत जिलेभर के आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखे गए और ज्ञापन सौंपा गया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही हैं। कोविड-19 महामारी, निर्वाचन कार्य तथा अन्य शासकीय दायित्वों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। उनका आरोप है कि हालिया बजट में उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, जिससे कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं में निराशा है।
संयुक्त मंच ने चेतावनी दी है कि यदि 8 मार्च तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो 9 मार्च 2026 को बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रायपुर पहुंचकर विधानसभा का घेराव करेंगे।


