सारंगढ़-बिलाईगढ़

वर्ष 2028 के विस चुनाव में भाजपा सारंगढ़ जिले की दोनों सीटें जीतेगी-मंजूषा भगत
13-Feb-2026 3:39 PM
वर्ष 2028 के विस चुनाव में भाजपा सारंगढ़ जिले की दोनों सीटें जीतेगी-मंजूषा भगत

महिला सशक्तिकरण की ओर बजट - लहरे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सारंगढ़, 13 फरवरी। भाजपा महिला मोर्चा जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ की ओर से जिला भाजपा कार्यालय में केंद्रीय बजट 2026-27 पर एक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष वैजयंती नंदू लहरे ने की।

कार्यक्रम में अंबिकापुर नगर निगम की महापौर मंजूषा भगत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे, जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल, वरिष्ठ नेता जगन्नाथ केशरबानी, भुवन मिश्रा, अजय जवाहर नायक, मनोज जायसवाल, देवेंद्र रात्रे, सांसद प्रतिनिधि अरुण यादव गुड्डू, जिला पंचायत सदस्य अनिल शिवकुमारी साहू सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। आयोजन में महिला मोर्चा की विभिन्न मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मंजूषा भगत ने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता को देखते हुए उन्हें विश्वास है कि वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सारंगढ़ जिले की दोनों सीटों पर जीत दर्ज करेगी। केंद्रीय बजट पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि बजट में महिलाओं, स्व सहायता समूहों और छोटे उद्योगों के लिए प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने लखपति दीदी योजना और स्व सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रयासों का उल्लेख किया। उनके अनुसार बजट में महिलाओं की भागीदारी और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रावधान किए गए हैं। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष वैजयंती नंदू लहरे ने कहा कि यह बजट विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण है। बजट महिला सशक्तिकरण की ओर ले जाएगा।

जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे ने कहा कि बजट में महिलाओं के लिए विभिन्न योजनाओं का प्रावधान किया गया है। जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल ने भी बजट को महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़ा बताया। कार्यक्रम के दौरान महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। आयोजन के अंत में उपस्थित लोगों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई।


अन्य पोस्ट