सारंगढ़-बिलाईगढ़

निस्तारी तालाब में प्रस्तावित व्यावसायिक निर्माण पर आपत्ति
11-Feb-2026 8:14 PM
निस्तारी तालाब में प्रस्तावित व्यावसायिक निर्माण पर आपत्ति

सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के उल्लंघन का आरोप

सारंगढ़, 11 फरवरी। नगर पंचायत भटगांव के अड़बंधा तालाब क्षेत्र में प्रस्तावित व्यावसायिक परिसर निर्माण को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने आपत्ति जताई है। इस संबंध में भाजपा से जुड़े पदाधिकारियों और नगरवासियों ने प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य पर रोक लगाने की मांग की है।

ज्ञापन सौंपने वालों में भाजपा महामंत्री, मंडल पदाधिकारी तथा अन्य स्थानीय प्रतिनिधि शामिल थे। उन्होंने आरोप लगाया है कि अड़बंधा तालाब, जो निस्तार और सिंचाई के लिए उपयोग में आता है, उसे पाटकर व्यावसायिक परिसर निर्माण की तैयारी की जा रही है।

ज्ञापन में कहा गया है कि जलस्रोतों और तालाबों के संरक्षण को लेकर सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट निर्देश हैं, जिनके तहत ऐसे क्षेत्रों में निर्माण प्रतिबंधित है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इन निर्देशों की अनदेखी की जा रही है। नगरवासियों ने यह भी आरोप लगाया है कि प्रस्तावित निर्माण कार्य के लिए पारदर्शी निविदा प्रक्रिया नहीं अपनाई गई और 58 दुकानों के आवंटन की तैयारी की जा रही है। उनके अनुसार इससे शासन को राजस्व हानि की संभावना है। कुछ व्यक्तियों के साथ लेन-देन के भी आरोप लगाए गए हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

शिकायतकर्ताओं ने मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और निर्माण प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की है। साथ ही तालाब को उसके मूल स्वरूप में संरक्षित रखने की अपील की है।

इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका है।


अन्य पोस्ट