सारंगढ़-बिलाईगढ़
एसपी के निर्देश पर पुलिस की सडक़ों पर घेराबंदी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बरमकेला, 8 फरवरी। शहर की सडक़ों पर अपनी बाइकों से कान फोड़ू शोर मचाने वाले पटाखे जैसी आवाज निकालने वाले मनचले बाइकर्स पर अब पुलिस का डंडा चलने वाला है। जिला पुलिस अधीक्षक आँजनेय वार्ष्णेय के कड़े आदेश के बाद, बरमकेला पुलिस ने नगर के प्रमुख चौराहों पर मोर्चा संभाल लिया है।
थाना प्रभारी अजीत कुमार बैक के नेतृत्व में पुलिस की टीम अब ऐसे हुड़दंगियों की धर पकड़ के लिए पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। कुछ समय से बरमकेला नगर में मॉडिफाई साइलेंसर लगी बाइकों का आतंक बढ़ गया था। ये बाइकर्स न केवल तेज रफ्तार में वाहन चलाते हैं बल्कि साइलेंसर से पटाखें जैसी आवाज निकालकर राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को डरा देते हैं । विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी में भी परेशानी हो रही है, खासकर बुजुर्गों, हृदय रोगियों और छोटे बच्चों के लिए यह शोर बेहद जानलेवा साबित हो रहा था।
मॉडिफाई साइलेंसर न केवल ध्वनि प्रदूषण फैलाते हैं, बल्कि मानक के विपरीत होने के कारण अधिक जहरीला धुआं भी छोड़ते हैं । एसपी आँजनेय वार्ष्णेय की इस त्वरित पहल व पुलिस की सक्रियता का नगरवासियों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की है । लोगों का कहना है कि पुलिस की इस मौजूदगी से न केवल शोर कम होगा, बल्कि आवारागर्दी करने वाले तत्वों पर भी लगाम लगेगी।
थाना प्रभारी अजीत कुमार बैक ने स्पष्ट संदेश दिया है कि किसी भी सूरत में नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


