राजनांदगांव

तारन प्रकाश नांदगांव के 29वें कलेक्टर होंगे
06-Jun-2021 1:11 PM
तारन प्रकाश नांदगांव के 29वें कलेक्टर होंगे

   निवर्तमान कलेक्टर वर्मा सालभर रहे पदस्थ  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 जून।
भौगोलिक दृष्टिकोण से बड़े जिले राजनंादगांव में राज्य जनसंपर्क विभाग के सह संचालक तारन प्रकाश सिन्हा नए कलेक्टर होंगे। जिला निर्माण के बाद श्री सिन्हा 29वें कलेक्टर के रूप में कार्यभार सम्हालेंगे। 2012 बैच के आईएएस श्री सिन्हा वर्तमान में मुख्यमंत्री के संयुक्त सचिव और आयुक्त सह संचालक के पद पर कार्यरत थे। राज्य सरकार ने कल एक बड़ी प्रशासनिक सर्जरी करते हुए करीब 9 जिलों के कलेक्टरों को इधर-उधर किया है। 
वहीं कई आईएएस के विभागों में फेरबदल किए गए हैं। इस तबादले में राजनांदगांव भी प्रभावित हुआ है। 29 मई 2020 को कलेक्टर के रूप में पदस्थ टोपेश्वर वर्मा का सप्ताहभर पहले ही एक साल का कार्यकाल पूर्ण हुआ है। उनका अधिकांश समय कोरोना से जंग लड़ते निपट गया। स्वास्थ्य मसले से जुड़े इस गंभीर समस्या के निदान के लिए वह लगातार कोशिश करते रहे। बताया जा रहा है कि प्रशासनिक बदलाव के बाद नए कलेक्टर श्री सिन्हा को एक बड़े जिले का दायित्व सौंपा गया है। कलेक्टर के रूप में श्री सिन्हा की यह पहली पदस्थापना है। जाहिर तौर पर उन पर राजनीति और सामाजिक संतुलन के आधार पर काम करने का दबाव रहेगा। बताया जा रहा है कि सिन्हा अगले सप्ताह पदभार ग्रहण कर सकते हैं। 

वसंत मुंगेली कलेक्टर, लोकेश नए जिपं सीईओ
राज्य सरकार ने जिला पंचायत सीईओ अजीत वसंत को मुंगेली जिलाधीश के रूप में पदस्थ किया है। करीब 6 माह पहले श्री वसंत ने सीईओ का चार्ज लिया था। 2013 बैच के आईएएस वसंत की कलेक्टरी डियू थी। उनके बैच के दूसरे अफसरों को जिलों की कमान मिलने लगी थी। बताया जा रहा है कि राज्य सरकार ने उनकी जगह बालोद सीईओ लोकेश चंद्राकर को पदस्थ किया है। लोकेश पूर्व में राजनांदगांव एसडीएम भी रहे हैं। 2008 बैच के राज्य प्रशासनिक अफसर लोकेश चंद्राकर जल्द ही कार्यभार सम्हालेंगे।


अन्य पोस्ट