राजनांदगांव

महंगाई के विरोध में घरों के चौखट में कांग्रेस का धरना
05-Jun-2021 7:41 PM
महंगाई के विरोध में घरों के चौखट में कांग्रेस का धरना

दिग्गजों का मोदी सरकार पर निशाना, तख्तियां लेकर प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 जून।
देश में चौतरफा बढ़ते खाद्य पदार्थों और पेट्रो उत्पादों के दाम के विरोध में छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन के आह्वान पर शनिवार को जिले और शहर के दिग्गज नेताओं ने अपने घरों के चौखट में केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा। प्रदर्शन के दौरान हाथों में तख्तियां लेकर कांग्रेसी नेताओं ने केंद्र सरकार की असफलता को गिनाया। वहीं कोरोनाकाल में खाद्यान्न सामग्रियों की बढ़ती कीमत से गरीबों को हो रही दिक्कतों के लिए मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया। प्रांतव्यापी धरना के दौरान कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों की आलोचना करते कहा कि कोरोना काल में भी देश महंगाई की मार झेल रहा है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कू्रड आईल के दाम के निचले स्तर होने के उपरांत भी मनमाफिक तरीके से पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए गए हैं। मोदी सरकार के राज में गरीब आदमी और गरीब होते जा रहा है।

राजनांदगांव महापौर हेमा देशमुख ने कहा कि खाद्य तेलों की कीमतों ने लोगों को परेशान कर रखा है। वहीं प्रदेश के एक भाजपा नेता द्वारा महंगाई से बचने अन्न त्याग करने का बयान भी बेहद शर्मनाक करने वाला है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में महंगाई पूरे चरम पर है। प्रदेश कांग्रेस महासचिव शाहिद भाई ने कहा कि खानपान की वस्तुओं के मूल्य चरम पर है। पेट्रोल-डीजल के दाम से लोगों के जीवन पर प्रतिकूल असर पड़ा है। दैनिक उपयोग की चीजों के भाव बढऩे के कारण लोग कोरोनाकाल में दोहरी मार झेल रहे हैं। 

शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा ने कहा कि आसमान छूते खाद्य और पेट्रोल-डीजल के दाम ने लोगों को त्रस्त कर दिया है। पेट्रोल और डीजल का दाम का अंतर लगभग खत्म हो गया है। देश की जनता बढ़ते गैस सिलेंडर, तेल और दूसरे उपभोग की वस्तुओं के दाम बढऩे से परेशान हैं। इस बीच आज सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक अलग-अलग क्षेत्रों के पार्टी नेताओं ने धरना दिया। कांग्रेस नेता जितेन्द्र मुदलियार ने कहा कि अच्छे दिन का वादा कर मोदी सरकार सत्तासीन हुई। देश को गुमराह कर महंगाई को डायन बताते हुए भाजपा आज उसी डायन के साथ लोगों के जेब में डाका डाल रही है। मध्यम वर्गीय परिवार का जीना दूभर हो गया है। अनियंत्रित होती महंगाई पर काबू नहीं पाने पर केंद्र सरकार को इस्तीफा देना चाहिए।

प्रदर्शन करने वालों में प्रमुख रूप से श्रीकिशन खंडेलवाल, हफीज खान, हरिनारायण धकेता, अशोक फडऩवीस, रूपेश दुबे, चेतन भानुशाली, आसिफ अली, सूर्यकांत जैन, समद खान, हेमंत ओस्तवाल,  समेत अन्य कांग्रेसी शामिल हैं।


अन्य पोस्ट