राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 नवंबर। मां कालिका, गणेश व भैरव बाबा की प्रतिमा के विसर्जन के लिए नगर पालिक निगम द्वारा अनुपयुक्त वाहन (काउकेचर) उपलब्ध कराया गया, जिस पर आपत्ति जताते 21 नवंबर को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ाा ने प्रेसवार्ता ली।
श्री छाबड़ा ने प्रेसवार्ता में बताया कि मां आदिशक्ति जगदम्बा काली की प्रतिमा, भगवान गणेश की प्रतिमा एवं भैरव की प्रतिमा को विसर्जन के लिए राजनांदगांव नगर पालिक निगम के गंदे एवं अनुपयुक्त वाहन (काउकेचर) के माध्यम से ले जाया जा रहा है, यह दृश्य अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, आपत्तिजनक एवं श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करने वाला है, जिस मां आदिशक्ति जगदम्बा काली की पूजा-अर्चना पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ की जाती है।
भगवान गणेश रिद्धी-सिद्धी के दाता की पूजा पहले की जाती है, भैरव की पूजा की जाती है, उनकी प्रतिमा को इस तरह के अनुपयुक्त वाहन से ले जाना करोड़ों भक्तजनों की आस्थाओं में चोट है। मां काली, भगवान गणेश, भैरव की पूजा के लिए लाखों-करोड़ों लोग उपवास रखकर अपनी आस्था, विश्वास और धार्मिक भावनाओं से अपनी आस्थाएं मातारानी के चरणों में भगवान के चरणों में रखते हैं। उन आस्थाओं को निगम की सत्ताधारियों ने सत्ता के नशे में चुर होकर आस्थाओं को चोट पहुंचाई है। जबकि धार्मिक आयोजनों में प्रतिमा की स्थापना से लेकर पूजा-अर्चना और विसर्जन तक प्रत्येक प्रक्रिया में विधि-विधान, मर्यादा, स्वच्छता और सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाता है। ऐसे महत्वपूर्ण विषय धार्मिक कार्य के दौरान नगर निगम के गंदे एवं अनुपयुक्त वाहन में इस प्रकार जगत जननी मां काली की प्रतिमा और देवताओं की प्रतिमा का विसर्जन करवाना भाजपाईयों की गलत मानसिकता है। प्रेसवार्ता के दौरान शारदा तिवारी, मलजीत सिंह पिन्टू व रमेश डाकलिया मौजूद रहे।