राजनांदगांव
डोंगरगढ़ सामुदायिक अस्पताल में सामने आई लापरवाही
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 नवंबर। चाकू के हमले मेंं घायल एक युवक के उपचार में उस वक्त एक बड़ी लापरवाही सामने आई, जब घायल युवक के शरीर से चाकू के टुकड़ों को निकाले बगैर चिकित्सकों ने टांका लगा दिया। इस मामले को लेकर अब परिजनों ने जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। 21 साल के युवक के कमर में चाकू का करीब 2 से 3 इंच टुकड़ा फंसा रह गया। टुकड़े को निकाले बगैर चिकित्सकों ने टांका लगाकर युवक को घर भेज दिया। दर्द कम नहीं होने के बाद जब एक्स-रे कराया गया, तब शरीर के भीतर लोहे के टुकड़े होने का खुलासा हुआ।
मिली जानकारी के मुताबिक बधियाटोला के रहने वाले विवेक साहू बीते दिनों आपसी विवाद के चलते चाकू के हमले में घायल हो गया था। उसके कमर के पास चोट से गहरे निशान बन गए थे। घायल युवक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए पहुंचा, बिना एक्स-रे और तकनीकी जांच के चिकित्सकों ने युवक के जख्मों पर टांके लगा दिया, उसके बाद उसे घर रवाना कर दिया।
बताया जा रहा है कि घर पहुंचने के बाद युवक को असहनीय दर्द होने लगा। परेशानी बढऩे पर एक्स-रे कराया गया तो उसके शरीर में लोहे के टुकड़े दिखाई दिया। इसके बाद एक निजी अस्पताल में सर्जरी कर टुकड़ों को बाहर निकाला गया। इस बीच डोंगरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हुए इस लापरवाही को लेकर परिजनों में आक्रोश है। अस्पताल प्रबंधन पर चाकूबाजी की घटना और घायल युवक के उपचार को लेकर भी पुलिस को सूचना नहीं दी गई। इस मामले में अब पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है। घायल युवक से पुलिस ने घटना के संबंध में जानकारी ली है। अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के खिलाफ भी परिजनों ने जांच की मांग की है।