राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 नवंबर। राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) के विभागीय आदेश 10 नवंबर द्वारा अमृत मिशन 2.0 योजना के अंतर्गत राजनांदगांव शहर हेतु 24म7 जल प्रदाय पायलट परियोजना हेतु लागत राशि 7 करोड़ 36 लाख 27 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति राजनांदगांव नगर निगम को प्राप्त हुई है। महापौर मधुसूदन यादव ने संस्कारधानी के लिए अहम उपलब्धि बताते इसकी स्वीकृति पर जनता की ओर से विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का आभार व्यक्त किया।
महापौर ने विस्तार से बताया है कि इस योजना के तहत नगर निगम राजनांदगांव द्वारा शहर के सीमावर्ती क्षेत्रों यथा मोहड़, मोहारा, सिंगदई एवं हल्दी को पायलट क्षेत्र के रूप में चुना गया है, जहां नागरिकों को निरंतर और गुणवत्तापूर्ण जलापूर्ति सुनिश्चित करने जल वितरण व्यवस्था, टंकी निर्माण, बोर खनन, बोर स्थापना एवं अधोसंरचना विकास व सृदृढ़ीकरण हेतु वृहद स्तर पर कार्य किया जाएगा। अमृत मिशन 2.0 का उद्देश्य इन क्षेत्रों को जल सुरक्षित बनाना तथा सभी परिवारों तक कार्यशील नल-जल आपूर्ति पहुंचाना है। इस परियोजना से शहर के मोहड़, मोहारा, सिंगदई एवं हल्दी क्षेत्र के नागरिकों को नियमित, दबावयुक्त एवं 24 घंटे उपलब्ध जलापूर्ति का लाभ मिलेगा। साथ ही जल वितरण प्रणाली को आधुनिक बनाया जाएगा। जिससे जल हानि में कमी, बेहतर सेवा गुणवत्ता और नागरिकों की सुविधा में सुधार होगा। यह पहल राजनांदगांव शहर में टिकाऊ एवं गुणवत्तापूर्ण जलापूर्ति व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
महापौर यादव ने दावा किया है कि राजनांदगांव नगर निगम नागरिकों को बेहतर, निरंतर एवं भरोसेमंद जलापूर्ति सुविधा उपलब्ध कराने संकल्पित है। इसी परिपेक्ष्य में शहर के सीमावर्ती क्षेत्रों मोहड़, मोहारा, सिंगदई एवं हल्दी का चयन पायलट परियोजना के सफल क्रियान्वयन हेतु किया गया है। जिससे भविष्य में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी इसी प्रकार की जलापूर्ति व्यवस्था विकसित करने का मार्ग प्रशस्त होगा। महापौर ने अमृत मिशन 2.0 के अंतर्गत प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त होने के पश्चात निगम आयुक्त एवं विभागीय अमले को परियोजना के क्रियान्वयन, गुणवत्ता नियंत्रण एवं समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने विभागीय बैठक आहूत कर एक्शन प्लान तैयार करने एवं दायित्व निर्धारण करने के निर्देश दिए हैं।