राजनांदगांव

23 से शिवनाथ नदी तट पर पुन्नी मेला
21-Nov-2026 8:45 PM
23 से शिवनाथ नदी तट पर पुन्नी मेला

 आयुक्त ने अफसरों-कर्मियों को सौंपा दायित्व
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 नवंबर।
मोहारा स्थित शिवनाथ नदी के किनारे मोहारा मेला का आयोजन 23, 24 व 25 नवम्बर को किया जा रहा है। मोहारा मेला स्थल का गत दिनों महापौर मधुसूदन यादव एवं नगर निगम आयुक्त जीआर मरकाम ने निरीक्षण किया और व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली तथा मोहारा मेला स्थल में नगर निगम द्वारा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने व अन्य कार्यों के निष्पादन हेतु आयुक्त ने अधिकारी-कर्मचारियों की शिफ्ट में ड्यूटी लगाई।
आयुक्त ने कहा कि नदी के किनारे बेरिकेटिंग के अलावा बिजली, पानी व सफाई व्यवस्था तीनों दिन सुचारू रूप से सम्पादित हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना से बचने नदी की ओर आवश्यकतानुसार बेरिकेटिंग करें, मेला स्थल मेे पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था हो, स्थल में लगे पोल के अलावा आवश्यकतानुसार अन्य स्थानों पर लाईट लगाएं। जिससे सम्पूर्ण मेला स्थल प्रकाशित हो तथा पेयजल के लिए पाईप लाइन विस्तार कर स्टेन पोस्ट लगाएं।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से कहा कि साफ -सफाई के अलावा मेला में लगे दुकानों के दुकानदारों से प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा डस्टबिन का उपयोग करने समझाईस देना है। राजस्व अमला से कहा कि मेला परिसर में दुकानें दोनों ओर लगाया जाए। इस आधार पर ले आउट कराए तथा तीनों दिन मानिटरिंग करें।
आयुक्त ने अधिकारी-कर्मचारियों की शिप्ट में ड्यूटी भी लगाई है।  जिसमें मोहारा मेला के नोडल अधिकारी कार्यपालन अभियंता दीपक खाण्डे को बनाया गया है, इनके सहयोगी प्र.सहायक अभियंता गरिमा वर्मा  रहेगी तथा मेला में पर्याप्त पेयजल व्यवस्था का दायित्व कार्यपालन अभियंता (संविदा) यूके रामटेेके को सौंपा गया है एवं इनके सहयोगी सहायक अभियंता ज्योति साहू रहेंगे। इसी प्रकार मोहारा मेला के सम्पूर्ण व्यवस्था प्र.कार्यपालन अभियंता प्रणय मेश्राम  का दायित्व सौंपा गया है, जो आवश्यकता अनुसार बेरिकेटिंग, प्रकाश व्यवस्था, मेले में दुकानों की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्था करेंगे। इनके सहयोगी सभी उप अभियंता रहेगे। साथ ही सभी सहायक अभियंता एवं उप अभियंता मेला स्थल में सुबह 8  से दोपहर 2 बजे तक एवं दोपहर 2 से रात्रि 10 बजे तक पेयजल सहित अन्य व्यवस्था में लगे रहेंगे।
आयुक्त ने बताया कि राजस्व अधिकारी मोबिन अली को अपनी टीम के साथ मोहारा मेला परिसर में दुकाने दोनों ओर व्यवस्थित लगाने ले-आउट देने तथा अन्य आवश्यक व्यवस्था करने व तीनों दिन मानिटरिंग करने का दायित्व सौंपा गया है। इसी प्रकार सम्पूर्ण सफाई व्यवस्था का प्रभारी, स्वच्छता निरीक्षक दीपक श्रीवास्तव को एवं सहयोगी का प्र. स्वच्छता निरीक्षक पवन कुर्रे व सपन साहू को दायित्व सौंपा गया है।


अन्य पोस्ट