राजनांदगांव
आईजी ने वार्षिक निरीक्षण में सुनी जवानों की समस्याएं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 नवंबर। पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अजय यादव ने मोहला-मानपुर-अं. चौकी जिले का वार्षिक निरीक्षण किया। रक्षित केंद्र मोहला में आयोजित वार्षिक निरीक्षण परेड, उत्कृष्ट वेशभूषा धारण करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया। पुलिस लाइन में आयोजित पुलिस दरबार में पुलिस महानिरीक्षक ने अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याएं एवं सुझाव सुना। साथ ही रक्षित केंद्र में आधुनिक पुलिस जिम्नेजियम तथा थाना मोहला परिसर में यातायात शाखा का उद्घाटन किया। वहीं पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं थाना मोहला का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली, अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मिली जानकारी के अनुसार आईजी अजय यादव ने 20 नवंबर को मोहला-मानपुर जिले का वार्षिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था, कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों, कार्यालयीन अभिलेखों एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। वार्षिक निरीक्षण के प्रथम चरण में रक्षित केंद्र मोहला स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में भव्य वार्षिक निरीक्षण परेड का आयोजन किया गया। आईजी के आगमन पर एसपी वायपी सिंह, एएसपी मंजूलता बाज, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मानपुर विनोद कुमार मिंज, उप पुलिस अधीक्षक नेहा पवार एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अंबागढ़ चौकी नोहरलाल मंडावी द्वारा उनका स्वागत किया गया। तत्पश्चात परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक भुवनेश्वर कश्यप के नेतृत्व में पुलिस जवानों द्वारा सलामी दी गई। पुलिस महानिरीक्षक ने परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उत्कृष्ट वेशभूषा एवं अनुशासित प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कृत कर उनका
उत्साहवर्धन किया गया। मार्चपास्ट के दौरान परेड कमांडर एवं प्लाटून कमांडरों द्वारा दाहिने देख की कार्रवाई के साथ सलामी दी गई।
निरीक्षण के दौरान रक्षित केंद्र मोहला में जिले के पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याओं, सुझावों एवं मांगों के निराकरण हेतु पुलिस दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एसपी वायपी सिंह एवं एएसपी मंजूलता बाज द्वारा पुष्पगुच्छ भेंटकर पुलिस महानिरीक्षक का स्वागत किया गया। एसपी ने जिले की आधारभूत पुलिस अधोसंरचना, सीमित संसाधनों के बावजूद पुलिस द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों एवं शासकीय आवासों की कमी के कारण अधिकारी-कर्मचारियों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया। आईजी ने नवगठित जिले में सीमित संसाधनों के बावजूद पुलिस द्वारा किए जा रहे सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की। आईजी यादव ने कहा कि पुलिस विभाग की जनता के बीच सकारात्मक एवं उत्कृष्ट छवि बनाए रखने के लिए प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी को निरंतर सजग, संवेदनशील एवं कर्तव्यनिष्ठ रहना आवश्यक है। दरबार के समापन पर एएसपी मंजूलता बाज ने आभार व्यक्त किया।
पुलिस महानिरीक्षक द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय मोहला का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के कार्यों, अभिलेखों एवं रिकॉर्ड संधारण की समीक्षा की गई। कार्यालयीन व्यवस्थाएं एवं अभिलेखों का रखरखाव संतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। साथ ही उत्कृष्ट कार्य निष्पादन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया। इसके उपरांत थाना मोहला का निरीक्षण किया गया।