राजनांदगांव
साय सरकार की जोशी ने की तारीफ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 नवंबर। भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय संगठन महामंत्री संजय जोशी ने चुनाव आयोग पर लगे धांधली और देश में मौजूदा राजनीतिक हालात को लेकर कहा कि एसआईआर मुद्दा सिर्फ इंडिया गठनबंधन का एक प्रोपोगेंडा है। विपक्षी दल इस मुद्दे को लेकर जनता से सहानुभूति बटोरने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं। इधर जोशी ने छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय सरकार की तारीफ करते कहा कि मुख्यमंत्री की अगुवाई में अच्छी योजनाएं चल रही है। आम लोगों में सरकार के प्रति एक लगाव दिखता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में विकास का असर स्पष्ट तौर पर दिख रहा है।
श्री जोशी ने कहा कि राष्ट्रपति से मुलाकात कर विपक्षी दल ने चुनाव आयोग पर गड़बड़ी करने का आरोप लगाया। जब राष्ट्रपति ने सबूत पेश करने के बाद कार्रवाई करने का भरोसा दिया, तब विपक्षी दलों की ओर से साक्ष्य पेश क्यों नहीं किए गए। जोशी का मानना है कि देश में राजनीति सिर्फ प्रोपोगेंडा के आधार पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर भारत का वर्चस्व दुनिया को नजर आ रहा है।
‘छत्तीसगढ़’ से एक मुलाकात में भाजपा नेता पवन मेश्राम के निवास पर बातचीत में उन्होंने कहा कि एसआईआर का मुद्दा एक राजनीतिक हथियार के तौर पर सामने लाया गया है। उन्होंने कहा कि पहले भी एसआईआर के तहत मतदाता सूची बनाए गए हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के अगुवाई में चल रही राजनीतिक गतिविधियों को लेकर निशाना साधा। राहुल पर देश में आधारहीन तथ्यों पर राजनीति करने की एक नई नीति चलाई जा रही है। विपक्ष पूरी तरह से कमजोर है।
उत्तर प्रदेश में अगले साल प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा की तीसरी बार सरकार बनना तय है। विकास के मुद्दों पर बातचीत करते जोशी ने कहा कि अधोसंरचना के साथ-साथ आम लोगों के हितों में भाजपा सदैव कार्य करती रही है। राहुल गांधी को लेकर श्री जोशी ने आगे कहा कि अभी उनकी राजनीतिक समझ में और परिपक्वता आना बाकी है। विपक्ष की सियासत में एकता का अभाव दिखता है। उत्तर प्रदेश सरकार की गतिविधियों की वह सराहना करते कहते हैं कि योगी के नेतृत्व में यूपी जैसे विशाल राज्य में तीसरी बार भाजपा की ताजपोशी होगी। जोशी ने अन्य मुद्दों पर पार्टी की नीतियों की प्रशंसा की।