राजनांदगांव

मोहारा मेले के लिए शिवनाथ तट पर सजी झूले और दुकानें
21-Nov-2026 8:11 PM
मोहारा मेले के लिए शिवनाथ तट पर सजी झूले और दुकानें

तीन दिनी मेले का 23 को आगाज, हजारों श्रद्धालु लगाएंगे डुबकी
छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 नवंबर।
अंचल के प्रतिष्ठित मेले में से एक मोहारा मेले के लिए स्थानीय शिवनाथ नदी के तट पर दुकानें और झूले सजने लगी है। तीन दिवसीय मेले का आगाज 23 नवंबर से होगा। 24 को जहां कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर हजारों लोग शिवनाथ में डुबकी लगाएंगे। वहीं 25 नवंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ सालाना मेले का समापन होगा।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर 24 नवंबर को सैकड़ों श्रद्धालु शिवनाथ नदी में डुबकी लगाकर दीपदान करेंगे। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सुबह शिवनाथ के दोनों किनारों में स्नान करने के लिए बड़ी तादाद में लोग पौफटने के साथ पहुंचेंगे। शिवनाथ तट पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर जिले का सबसे बड़ा मोहारा मेला का आगाज कल 23 नवंबर से शुरू होगा, जो 25 नवंबर तक चलेगा। इधर नदी तट पर लगने वाले मेला के लिए दूर-दराज के व्यवसायी यहां आकर अपनी-अपनी दुकानें सजाने की तैयारी प्रारंभ कर दी है। मेले को लेकर शहर सहित ग्रामीण इलाकों में उत्साह का माहौल है। मेला में छोटी-बड़ी दुकानों से लेकर छोटे-बड़े झूले लगाए जाते हैं, जहां बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति बनी रहेगी। मेला परिसर में झूले और दुकानें सजनी शुरू हो गई है।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर प्रतिवर्षानुसार मोहारा मेला का आयोजन होता है। अंचल के सबसे बड़ा मेला होने की वजह से लोगों में काफी उत्साह दिखाई दे रहा है। इधर प्रशासन भी नदी किनारे सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त में जुट गया है। प्रत्येक वर्ष कार्तिक पूर्णिमा के दिन शिवनाथ नदी तट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का हुजुम उमड़ता है, जहां बड़ी संख्या में लोग स्नान कर मेले का आनंद उठाते हैं। मेला में सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन व निगम प्रशासन भी अलर्ट रहती है। नदी तट के किनारे पुलिस बल व गोताखोर भी तैनात किए जाएंगे। भक्तों की भीड़ पर नजर रखने नाविको को भी तैनात करने की तैयारी है। सालों से शिवनाथ नदी के किनारे आयोजित हो रहे इस मेले में ग्रामीण अंचल के लोग बड़ी संख्या में पहुंचते हैं।  वहीं मेले के जरिये कारोबार करने वाले व्यापारियों के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया है।  मेला में झूले और अन्य मनोरजंन स्थल में भी भीड़ बनी रहती है।

पुलिस विभाग ने की बेहतर व्यवस्था

मोहारा शिवनाथ नदी तट पर लगने वाले मेला के लिए पुलिस विभाग ने  आम जनता के सुगम आवागमन एवं वाहन पार्किंग व्यवस्था के संबंध में एडवायजरी जारी की है। आगामी 23 से 25 नवंबर तक  मोहारा मेला में बड़ी संख्या में दर्शक एवं आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना को देखते यातायात पुलिस राजनांदगांव द्वारा सुगम यातायात संचालन एवं आम जनता की सुविधा के लिए 23 नवंबर को दोपहर 3 से 25 नवंबर को कार्यक्रम समाप्ति तक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। जिसमें भारी एवं मध्यम वाहनों का प्रवेश मोहारा क्षेत्र उक्त अवधि में  पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा।
इसके अलावा बालोद-धमतरी की ओर से राजनांदगांव की आने वाली भारी व चार पहिया वाहन सुरगी से डायवर्सन होकर मोखला, भर्रेगॉव, खुटेरी से नेशनल हाईवे की ओर से निकलकर राजनांदगांव आएगी, दल्लीराजहरा की ओर से आने वाली वाहन जेवरतला से डायवर्सन होकर नांदिया, डोगरगांव से राजनांदगांव की ओर आएगी। चार पहिया वाहन सिंघोला, करमतरा, मोखला, कोटरासरार होकर जंगलपुर से राजनांदगांव आएगी। वहीं राजनांदगांव से धमतरी-बालोद जाने वाले वाहन टोलप्लाजा खुटेरी, मोखला, सुरगी होकर धमतरी-बालोद की ओर जाएगी तथा दल्लीराजहरा की ओर जाने वाली भारी वाहन डोगरगांव, नांदिया से जेवरतला होकर दल्लीराजहरा जाएगी।


अन्य पोस्ट