राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 फरवरी। कांग्रेस आलाकमान ने संगठन सजृन अभियान के तहत जिला-शहर अध्यक्षों के संग अपनी पहली बैठक में सांगठनिक रूपरेखा को प्रस्तुत कर अपनी नीति साफ कर दी है।
नई दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल समेत अन्य प्रमुख नेताओं के साथ बैठक में संगठन की ओर से नवनियुक्त जिलाध्यक्ष विपिन यादव एवं शहर अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार समेत राज्य के नए पदाधिकारियों को जमीनी स्तर पर काम कर अपना परफॉमेंस दिखाने को कहा गया। पार्टी की ओर से यह स्पष्ट कर दिया गया है कि हर तीन माह में अध्यक्षों के कामकाज की एक समीक्षा बैठक होगी।
बताया जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व सभी से संगठन से मिले कार्ययोजना को समय-सीमा पर पूरा करने की उम्मीद के साथ यह जरूरी समझ रहा है कि आम लोगों के बीच सत्ता संवाद और उनकी समस्याओं का निराकरण भी होना चाहिए। बताया जा रहा है कि रायपुर में पार्टी की ओर से एक कनेक्ट सेंटर तैयार किया जा रहा है कि जिसके माध्यम से सभी अध्यक्षों के कामकाज और उनकी सक्रियता का लेखा-जोखा दिल्ली भेजा जाएगा।
पार्टी ने किसी भी सूरत पर ढ़ीले प्रदर्शन को स्वीकार नही करने को लेकर भी सभी को चेताया है। माना जा रहा है कि नए अध्यक्षों के लिए सिर्फ पद हासिल करना नही बल्कि हाईकमान के उम्मीदों पर खरा उतरने का दबाव भी बढ़ा है। मुदलियार की खडग़े-वेणुगोपाल और पायलट से अकेले में चर्चा दिल्ली में बैठक के बाद पार्टी के शीर्ष नेताओं से अलग-अलग मुलाकात की। मुदलियार ने मल्लिकार्जुन खडग़े और पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल के अलावा छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट , पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से भी भेंट की।
अध्यक्ष नियुक्ति के पश्चात मुदलियार के उक्त सभी आला नेताओं से पहली मुलाकात थी। वहीं मुदलियार ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के अलावा संगठन सृजन के प्रभारी वामसी रेड्डी और सैंथिल से सौजन्य मुलाकात की। बताया जा रहा है कि मुदलियार ने राजनांदगांव जिले की सांगठनिक गतिविधियों से भी को अवगत कराया। राजनीतिक रूप से पार्टी को संगठित करने की सभी ने मुदलियार को टिप्स भी दिया।


