राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 फरवरी। महापौर मधुसूदन यादव ने अब प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का कनेक्शन लेकर मोदी सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना में शामिल होकर शहर की जनता के लिए एक अनूठी मिसाल पेश की है और शहर के लाखों लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बन गए हैं।
महापौर ने अपने घर के छत पर 3 के.व्ही. का सोलर प्लांट लगवाया है, और तो और उन्होंने अपने अनुज मदन यादव को भी प्रेरित करके उनसे भी घर की छत पर 3 के.व्ही. का सोलर प्लांट लगवाया है। इस प्रकार राजनांदगॉव महापौर मधुसूदन यादव ने अपने परिवार को बिजली उत्पादन के क्षेत्र आत्मनिर्भर बना लिया है ।
उन्होंने बताया कि अपने घर में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजनान्तर्गत सोलर प्लांट लगाकर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा आत्मनिर्भर भारत की दिशा में किये जा रहे प्रयासों में अपनी सहभागिता निभायी है और एक छोटा सा योगदान दिया है। महापौर ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह योजना ऊर्जा उत्पादन एवं संरक्षण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना को जनता का अच्छा प्रतिसाद प्राप्त हो रहा है। इस योजना से न केवल स्वच्छ, प्रदूषणमुक्त एवं नवीकरणीय ऊर्जा को प्रोत्साहन मिल रह है, बल्कि लोगों को बिजली बिल के बचत से आर्थिक लाभ भी प्राप्त हो रहा है, और लोग ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहे हैं, जो भविष्य में विकसित भारत का संकल्प पूरा करने में सहायक सिद्ध होगा।
महापौर ने योजना का विस्तृत ब्यौरा देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित करने पर शासन द्वारा विशेष सब्सिडी प्रदान की जा रही है। इस योजना के तहत 1 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट पर 30 हजार केंद्र से व 15 हजार राज्य से, कुल 45 हजार रू. की वित्तीय सहायता दी जाती है। इसी प्रकार 2 किलोवाट प्लांट पर 90 हजार तक कुल सब्सिडी, जिसमें 60 हजार केंद्र से तथा 30 हजार राज्यांश से मिलती है। 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सोलर प्लांट स्थापना पर केंद्र सरकार की ओर से 78 हजार रुपये तथा राज्य सरकार से 30 हजार रुपये कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की सबसिडी दी जा रही है, जिसके कारण जनता के लिये सौर ऊर्जा को अपनाना सरल-सुलभ हुआ है।
इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत स्थापित प्लांट नेट मीटरिंग द्वारा विद्युत ग्रिड से संयोजित होगा, जिससे उपभोक्ता द्वारा अपनी खपत से अधिक उत्पादित बिजली ग्रिड में सप्लाई हो जाती है। इससे न केवल उपभोक्ता के घर का बिजली बिल शून्य हो जाता है, बल्कि ग्रिड में दी गई बिजली के एवज में अतिरिक्त आय भी प्राप्त होती है। महापौर ने जनमानस से केन्द्र शासन की इस महत्वाकंाक्षी योजना से जुडक़र शीघ्रातिशीघ्र लाभान्वित होने की अपील की है।


