राजनांदगांव

नन्हे सितारे कार्यक्रम का समापन
11-Feb-2026 4:59 PM
नन्हे सितारे कार्यक्रम का समापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 फरवरी।
नन्हे सितारे कार्यक्रम का समापन समारोह डॉ. बल्देवप्रसार मिश्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजनांदगांव के सभागार में बड़े उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन राजनांदगांव, एचएसबीसी तथा ओपन लिंक्स फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

जिला मिशन समन्वयक सतीश ब्यौहारे ने कहा कि नन्हे सितारे कार्यक्रम जिला के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए एक नई छलांग की पहली सीढ़ी है। उन्होंने शिक्षकों एवं अधिकारियों से अपील की कि वे विनोबा प्लेटफॉर्म के माध्यम से विद्यालयों में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों को साझा करें और टीम विनोबा को बधाई दी। उन्होंने कहा हमारे कई शिक्षक पहले से ही उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। उन्होंने अपने विद्यार्थियों को तैयार करने में कड़ी मेहनत की है और उन्हें नन्हे सितारे के फाइनल तक पहुंचाया है। हमने पहला कदम उठा लिया है और निश्चित रूप से जिले के स्कूलों में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का विकास होगा।

उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में ओपन लिंक्स फाउंडेशन की विनोबा टीम के निरंतर और नवाचारी योगदान की भी सराहना की। ओपन लिंक्स फाउंडेशन के डिवीजन मैनेजर डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के सहयोग से इस कार्यक्रम का सफल आयोजन हो सका है। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया। निर्णायकों में प्रणीता शर्मा, कामनी साहू, प्राचार्य वीरेन्द्र कुमार दुबे, प्राचार्य डॉ. मोनशी वर्गीस, सुरेश साहू, रूपेश ठाकुर तथा राहुल देव श्यामकुंवर शामिल रहे।


अन्य पोस्ट