राजनांदगांव

साल्हेकला क्षेत्र में विकास कार्यों की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी-विक्रांत
22-Aug-2025 12:01 AM
साल्हेकला क्षेत्र में विकास कार्यों की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी-विक्रांत

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल हुए जिपं उपाध्यक्ष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 अगस्त
। खैरागढ़ जिले के छुईखदान ब्लॉक के ग्राम साल्हेकला में बजरंग दल के तत्वावधान में कृष्ण जन्माष्टमी अवसर पर भव्य दही हांडी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर गांव सहित आसपास क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का अनंद लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह शामिल हुए। उन्होंने दही हांडी की परंपरा और इसके सांस्कृतिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकजुटता और भाईचारे का प्रतीक भी है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत सदस्य ललित चोपड़ा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद पंचायत अध्यक्ष पुष्पा प्रकाश जंघेल, जिला भाजयुमो अध्यक्ष आयश सिंह, विक्रांत नीतिराज चंद्राकर, दुष्यंत जंघेल, डोमार सिंह भेडिय़ा, ज्योति जंघेल, राघवेंद्र यादव, रमेश साहू और आकाश साहू मंचासीन रहे। सभी अतिथियों का आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों ने पुष्पमालाओं और परंपरागत तरीके से स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने अपने गांव की विकास संबंधी विभिन्न मांगों से मुख्य अतिथि विक्रांत सिंह को अवगत कराया। इस पर श्री सिंह ने भरोसा दिलाया कि साल्हेकला क्षेत्र में विकास कार्यों की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता होगी। कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित दही हांडी कार्यक्रम में ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बनता था। युवाओं ने पारंपरिक शैली में मानव पिरामिड बनाकर दही हांडी फोडक़र भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए। बच्चों और महिलाओं ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेकर माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया। पूरे आयोजन ने ग्राम साल्हेकला को उत्सवधर्मी बना दिया। एक ओर जहां धार्मिक श्रद्धा का माहौल था। वहीं दूसरी ओर सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश भी कार्यक्रम से प्रसारित हुआ। अतिथियों ने आयोजन समिति की सराहना करते भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन पर जोर दिया।


अन्य पोस्ट