राजनांदगांव

महिलाओं को मोटापे से दूर रहने व खानपान संयमित करने की आवश्यकता-रितेश
09-Aug-2025 4:14 PM
महिलाओं को मोटापे से दूर रहने व खानपान संयमित करने की आवश्यकता-रितेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 अगस्त।
महिलाओं में हड्डी रोग की समस्या व बढ़ते मोटापा को अंकुश लगाने कस्तूरबा महिला मंडल द्वारा हड्डी रोग विशेषज्ञों का सेमिनार का आयोजन किया गया।
कस्तूरबा भवन में आयोजित उक्त सेमिनार में शहर के प्रसिद्ध हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश सादानी, डॉ. भालेराव, डॉ. संजय बख्शी व संजीवनी हास्पिटल के डॉ. रितेश भोस्कर व श्री राधेश्याम आर्थोपेडिक के डॉ. योगेन्द्र सोनी उपस्थित थे।

कस्तूरबा महिला मंडल की संरक्षिका सरस्वती माहेश्वरी, शारदा तिवारी, अध्यक्ष अलका जानी, सचिव साधना तिवारी आदि ने हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉक्टरों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर संजीवनी के डॉ. रितेश ने महिलाओं को प्रोजेक्टर के माध्यम से संबोधित कर बताया कि 65 साल के हर महिलाओं को अपना आस्टोफोरेसिस का चेक कराते रहना चाहिए। उन्होंने बताया कि कैल्सियम की रिक्वायरमेंट कितना है, यह भी जानकारी लेते रहना चाहिए। उन्होंने प्रोटीन एवं कैल्सियम के लिए मुनगा, मूली, मेथी भांजी, पत्ता गोभी, पालक आदि को इसका अच्छा स्रोत बताया। वही विटामिन डी के लिए सूर्य को इसका अच्छा स्रोत व दूध, दाल, सोयाबीन, मटर आदि को लाभदायक बताया।

हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश सादानी ने बताया कि मोटापे की वजह से ज्यादातर गिरने-पडऩे की घटनाएं होती है। बाथरूम में ज्यादा घटनाएं होती है। जिससे हड्डियां फ्रेक्चर हो जाती है, इसलिए महिलाएं अपना वजन न बढऩे दें। महिलाओं को खानपान में संयम बरतना जरूरी है। बाहरी तली-भूनी हुई चीजें न खाएं, डिब्बा बंद पदार्थ, बर्गर पिज्जा आदि खाने से परहेज करें। महिलाओं को अपना वजन नियंत्रित करना चाहिए। डॉ. भालेराव ने अच्छी सेहत और शरीर को लचीला बनाने योग, व्यायाम, आसन, प्राणायाम को महत्व देना जरूरी बताया। उन्होंने कोल्डड्रिंक आदि पीने से परहेज करने की बात कही।

 

कस्तूरबा महिला मंडल की अध्यक्ष अलका जानी ने लोगों में बढ़ती हड्डी रोग समस्या के निदान के लिए शहर के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉक्टरों से लेजर ट्रीटमेंट लाने आग्रह किया। डॉ. सादानी ने कहा कि हमारे शहर में 20-25 साल पहले से घुटनों का आपरेशन होते आ रहा है। अब इसमें पहले से ज्यादा सुधार आ गया है। उन्होंने कहा कि पूरे शरीर का भार घुटनों में नहीं आना चाहिए। सेमीनार का समापन पूर्व पार्षद प्रज्ञा गुप्ता के सुमधुर गीत से हुआ। धन्यवाद ज्ञापन समाजसेवी शारदा तिवारी व आभार प्रदर्शन अलका जानी द्वारा किया गया। उक्ताशय की जानकारी कस्तूरबा की सचिव साधना तिवारी ने दी।


अन्य पोस्ट