राजनांदगांव

6 माह पूर्व बस्तर से मानपुर भेजे गए डीवीसी मेम्बर मुठभेड़ में गिरफ्तार
07-Aug-2025 12:45 PM
6 माह पूर्व बस्तर से मानपुर भेजे गए डीवीसी मेम्बर मुठभेड़ में गिरफ्तार

एमएमसी पुलिस के हाथ लगा 8 लाख का इनामी नक्सली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 7 अगस्त। मोहला-मानपुर जिले में नक्सलियों के एक हार्डकोर लीडर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कांकेर जिले की सीमा पर कोडेखुर्से के जंगल में हुई मुठभेड़ में डीवीसी मेम्बर श्रीकांत पुनेम पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस के लिए यह एक बड़ी कामयाबी है। राजनांदगांव आईजी अभिषेक शांडिल्य ने इस सफलता पर एमएमसी पुलिस को बधाई दी है।  पुलिस के हत्थे चढ़े नक्सली को अदालत में पेश करने की तैयारी है। पुलिस अदालत से रिमांड लेकर नक्सली से पूछताछ भी करेगी। आईजी शांडिल्य और एसपी वायपी सिंह ने उक्त नक्सली की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

मिली जानकारी के मुताबिक कांकेर की सरहद पर नक्सलियों की मूवमेंट की खबर के बाद एमएमसी के जवान जंगल में गश्त कर रहे थे। इस बीच बुधवार को नक्सलियों के साथ पुलिस का आमना-सामना हो गया। मुठभेड़ के बाद कुछ नक्सली फरार हो गए। जबकि श्रीकांत पुनेम पुलिस के हाथ लग गया। गिरफ्तारी के बाद पता चला कि श्रीकांत राजनांदगांव-कांकेर बार्डर डिवीजन का सदस्य है और नक्सल संगठन में डीवीसी के तौर पर इलाके में सक्रिय है। यह भी पता चला है कि 6 माह पूर्व संगठन ने श्रीकांत को बीजापुर से आरकेबी डिवीजन में भेजा है।

पुलिस ने गिरफ्तार नक्सली के पास से आर्डिनेंस फैक्ट्री में बनी एक पिस्तौल भी बरामद की है। बताया जा रहा है कि श्रीकांत मोहला-मानपुर के क्षेत्र में नक्सल संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा था। सूत्रों का कहना है कि श्रीकांत नक्सलियों के साथ बस्तर में आयोजित एक मीटिंग में शामिल होने के लिए जा रहा था। इस दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आईजी शांडिल्य ने ‘छत्तीसगढ़’  से कहा कि नक्सलियों के लिए घर वापसी का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने एमएमसी क्षेत्र के नक्सलियों से एक बार फिर हथियार छोडक़र मुख्यधारा में लौटने की अपील की है।


अन्य पोस्ट