राजनांदगांव
आयुक्त ने प्रतिमा निर्माण स्थलों का किया निरीक्षण, मूर्तिकारों से ली जानकारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 अगस्त। आगामी गणेश चतुर्थी पर्व के लिए शहर के अलग-अलग स्थानों में मूर्तिकारों द्वारा प्रतिमा बनाने का कार्य जारी है। इसी कड़ी में नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने शुक्रवार को नगर निगम सीमा क्षेत्र में बनने वाले गणेश प्रतिमा निर्माण स्थल का निरीक्षण और मूर्तिकारों से गणेश प्रतिमा निर्माण के संबंध में चर्चा की।
आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने गणेश प्रतिमा निर्माण स्थलों में जाकर मूर्तिकारों द्वारा बनाए जा रहे गणेश प्रतिमा का निरीक्षण कर मूर्तिकारों से गणेश निर्माण की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शासन निर्देशानुसार प्लास्टर ऑफ पेरिसर की प्रतिमा निर्माण पूर्णत: प्रतिबंधित है, क्योंकि प्लास्टर ऑफ पेरिस पानी में घुलता नहीं है और उससे नदी एवं तालाब का पानी प्रदूषित होता है, जिसे ध्यान में रखते मिट्टी से ही गणेश प्रतिमा का निर्माण करना है। मूर्तिकारों ने जानकारी दी कि, मूर्ति निर्माण के लिए प्लास्टर ऑफ पेरिस का उपयोग नहीं करते, बल्कि काली मिट्टी अथवा कछारी मिट्टी का उपयोग किया जाता है। तालाब के किनारे से मिट्टी लाकर पैरा मिलाकर मूर्ति का निर्माण करते हैं। आयुक्त ने कहा कि बड़ी-छोटी किसी भी प्रकार की प्रतिमा में प्लास्टर ऑफ पेरिस का उपयोग न करें, उपयोग करते पाए जाने पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त विश्वकर्मा ने निगम के स्वास्थ्य एवं नजूल अमला से भी कहा है कि वे सभी प्रतिमा निर्माण स्थल की सतत मानिटरिंग करें और प्लास्टर ऑफ पेरिस की गणेश प्रतिमा निर्माण या विक्रय करते पाए जाने पर जब्ती की कार्रवाई करें। उन्होंने शहर में गणेश प्रतिमा स्थापित होने वाले स्थलों का भी निरीक्षण कर प्रशासन के दिशा-निर्देशानुसार तथा यातायात बांधित न हो ऐसे स्थल पर पंडाल लगाने समझाईस देने कहा। निरीक्षण के दौरान प्र. स्वास्थ्य अधिकारी राजेश मिश्रा सहित निगम का अमला उपस्थित था।


