राजनांदगांव

शहर के हर चौराहे में अवैध होर्डिंग्स
23-Jul-2025 4:55 PM
शहर के हर चौराहे में अवैध होर्डिंग्स

 राजस्व 40 फीसदी से भी कम, फ्लैक्स कारोबारी कमा रहे करोड़ों

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 23 जुलाई। अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ  नगर निगम की कार्रवाई में हो रही सुस्ती का सीधा फायदा फ्लैक्स कारोबारी उठा रहे हैं। शहर का हर चौराहा अवैध होर्डिंग्स पटा हुआ है। होर्डिंग्स के बढ़ती संख्या को लेकर निगम के पास कोई ठोस योजना नहीं है। ऐसे में कारोबारियों के जेब में करोड़ों रुपए जा रहे हैं। जबकि टैक्स के रूप में राजस्व विभाग को 40 फीसदी से भी कम आय हो रही है। नगर निगम के अधीन क्षेत्रों में चौतरफा होर्डिंग्स टंगे हुए हैं।

बताया जा रहा है कि कारोबारी राजस्व विभाग के कतिपय अफसरों के साथ सांठगांठ कर टैक्स देने में  कंजूसी बरत रहे हैं। इसका असर निगम के राजस्व के कोष पर सीधा असर पड़ रहा है। एक जानकारी के मुताबिक राजनांदगांव नगर निगम को होर्डिंग्स और फ्लैक्स के कारोबार में 35 से 40 लाख रुपए की सालाना आय होती है। जबकि शहर का पूरा इलाका फ्लैक्स कारोबारियों के लिए व्यापार के लिहाज से खुला पड़ा हुआ है।  बड़े होर्डिंग्स शहर के व्यवसायिक गतिविधियों के गवाह बने हुए हैं। उसकी तुलना में नगर निगम को मुनाफे से मिले टैक्स देने में कारोबारी हाथ खींचकर रखे हुए हैं। इस संबंध में नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि प्रारंभिक सर्वे में काफी खामियां मिली है। सर्वे के आधार पर होर्डिंग्स  व्यवसायियों पर कार्रवाई करने की तैयारी है। नगर निगम को टैक्स नहीं देने के मामले में स्पष्ट तौर पर कारोबारियों को चेतावनी दी जाएगी।

 

इस बीच राजनांदगांव शहर की बढ़ती आबादी के साथ कारोबार भी फैलता जा रहा है। व्यवसायी गली-मोहल्लों तक होर्डिंग्स लगाकर अपने व्यवसाय को चमका रहे हैं। इससे परे टैक्स देने में कारोबारी अपना हाथ खोलने से परहेज कर रहे हैं। शहर के ज्यादातर चौक-चौराहे और व्यवसायिक मार्गों में अनगिनत अवैध होर्डिंग्स टंगे हुए हैं। इस अवैध कारोबार के फलने-फूलने के मामले निगम प्रशासन सुस्त रवैया अख्तियार किया हुआ है। एक बड़ी कार्रवाई होने के बाद ही राजस्व के रूप में निगम के खजाने में उछाल आएगा।


अन्य पोस्ट