राजनांदगांव

मानपुर के जंगल में फिर लौटा दंतैल हाथी
22-Jul-2025 5:04 PM
मानपुर के जंगल में फिर लौटा दंतैल हाथी

कांकेर में सप्ताहभर पहले गया था
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 जुलाई। मोहला-मानपुर जिले के दक्षिणी इलाके में दंतैल हाथी की वापसी नजर में आई है। सप्ताहभर पहले एक जोड़ा कांकेर के जंगल में दाखिल हो गया था। अब एक दंतैल हाथी मानपुर के अंदरूनी इलाके कोराचा के जंगल में विचरण करते दिखाई दिया है।
वन महकमे का कहना है कि दंतैल हाथी शांति से जंगल में विचरण कर रहा है। ग्रामीणों को वन्य प्राणी से सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। हालांकि दूसरे दंतैल हाथी पर विभाग की नजर नहीं पड़ी है। वन विभाग की टीम दंतैल हाथी पर लगातार नजर रखी हुई है। करीब 10 दिन पहले दंतैल हाथी का जोड़ा महाराष्ट्र से मानपुर के जंगल में दाखिल हुआ था। कुछ दिन विचरण करने के बाद हाथी कांकेर के जंगल में चले गए थे।

बताया जा रहा है कि कांकेर के अंतागढ़ इलाके तक हाथी विचरण करने के बाद फिर से लौट आया है। वन अमला यह मान रहा है कि जिस रास्ते से हाथी का जोड़ा जिले में दाखिल हुआ था, अब वह महाराष्ट्र की ओर वापसी कर सकता है। यही कारण है कि कांकेर के जंगल में हाथियों को अनुकूल परिस्थितियां नजर नहीं आई। जिसके चलते वह वापसी की तैयारी में है। बताया जा रहा है कि हाथियों की मौजूदगी वाले गांवों में मुनादी कराई गई है।
वन विभाग किसी भी तरह से छेड़छाड़ नहीं करने की एक चेतावनी जारी की है। दंतैल हाथी आमतौर पर शांत होते हैं, लेकिन जानबूझकर परेशान करने पर हाथी उग्र भी हो जाते हैं। हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों के किसानों को भी घर से निकलने के दौरान सतर्क रहने हिदायत दी गई है। करीब 3 साल से लगातार मोहला-मानपुर के महाराष्ट्र से सटे गांवों में हाथियों की मौजूदगी रही है।  2 साल पहले भी हाथियों ने मोहला-मानपुर में कई ग्रामीणों के घरों को नुकसान पहुंचाया था।


अन्य पोस्ट