राजनांदगांव

नक्सलग्रस्त चिल्फी क्षेत्र के गांवों में बेहतर पुलिसिंग के साथ सुरक्षा पर जोर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 जुलाई। राजनांदगांव रेंज के कवर्धा के सुदूर इलाकों में पहले प्रशासनिक दौरे में आईजी अभिषेक शांडिल्य ने बैगा जनजातीय के साथ मुलाकात कर उनके व्यवहारिक जीवन से जुड़ी जानकारी ली।
कवर्धा जिले के पश्चिमी भाग के कई गांवों में आईजी ने दौरा कर पुलिस की इमेज को बेहतर बनाने पर जोर दिया। आईजी का मानना था कि नक्सल क्षेत्र के बाशिंदों को मुख्यधारा में जोडऩे का पूरा मौका मिलना चाहिए। उन्होंने पुलिस की मदद से आदिवासियों के जीवन में बदलाव के लिए हर संभव मदद करने का भी भरोसा दिया। इससे पहले आईजी का बैगा समुदाय ने तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया। साथ ही ढोल-नगाड़े के साथ आईजी का समुदाय ने आत्मीय अभिनंदन किया। आईजी ने भी बैगा जनजातीय के साथ नगाड़ा बजाया। इसके बाद आईजी ने चिल्फी क्षेत्र में पुलिस के सुरक्षा कैम्पों का भी जायजा लिया। आईजी शांडिल्य को नक्सल क्षेत्र में काम करने का अनुभव रहा है। उन्होंने सुकमा जिले के पहले एसपी के तौर पर उल्लेखनीय कार्य किया था।
बताया जा रहा है कि कवर्धा जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली से जुड़े विषयों को लेकर भी आईजी ने एसपी धर्मेश छवई को आवश्यक सुझाव दिए। आईजी शांडिल्य ने पहले दौरे में नक्सल क्षेत्रों का रूख किया। बताया जा रहा है कि जल्द ही वह जिले के दूसरे हिस्सों के नक्सल सुरक्षा कैम्पों का जायजा लेंगे।