राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 जुलाई। छुईखदान ब्लॉक के अंतर्गत स्थित शा. उ. मा. शाला साल्हेकला में शाला प्रवेश उत्सव, वृक्षारोपण तथा गुरु पूर्णिमा के अवसर पर शिक्षकों के सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह शामिल हुए।
मुख्य अतिथि जिपं उपाध्यक्ष श्री सिंह ने शाला प्रवेश उत्सव की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डालते कहा कि यह दिन बच्चों के जीवन में एक नई शुरूआत का प्रतीक होता है। उन्होंने बच्चों और अभिभावकों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में शासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान वृक्षारोपण भी किया गया। श्री सिंह ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करते कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं और हमें अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। उन्होंने राज्य व केंद्र सरकार की विभिन्न लोककल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों का सम्मान भी किया गया। श्री सिंह ने कहा कि गुरु का स्थान जीवन में सर्वोपरि होता है। एक गुरु ही होता है जो अज्ञानता के अंधकार से निकालकर ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाता है। उन्होंने सभी शिक्षकों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में छुईखदान मंडल भाजपा अध्यक्ष भावेश कोचर, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि खम्हन ताम्रकार, जिला पंचायत सदस्य ललित चोपड़ा, बलराम जंघेल, अशोक पाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन व अभिभावक उपस्थित थे।
सभी ने कार्यक्रम की सराहना की और इसे प्रेरणादायक बताया। समारोह के सफल आयोजन के लिए विद्यालय परिवार व स्थानीय जनप्रतिनिधियों का विशेष योगदान रहा।