राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 जून। बहुचर्चित मोहड़ अवैध रेत उत्खनन और गोलीकांड के मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सत्तारूढ़ भाजपा को आड़े हाथ लेते आरोप लगाया कि राज्य में कानून व्यवस्था को ताक में रखकर माफिया रेत खनन कर रहे हैं। मोहड़ कांड इस बात का ज्वलंत उदाहरण है कि शांति और सुकुन के बीच रहने वाले ग्रामीणों पर फायरिंग की गई। उन्होंने यहां तक कहा कि भाजपा के सत्ता से जुड़े नेताओं का इस पूरे प्रकरण में सीधा हाथ है। उन्होंने मास्टरमाइंड संजय सिंह को बचाने पर भी भाजपा पर हमला बोला।
मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष बैज व कांग्रेस के जांच दल के सदस्यों और अन्य नेताओं के साथ मोहड़ घाट पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से सीधी बातचीत की। मौके का मुआयना करते उन्हें कई तरह की महत्वपूर्ण जानकारियां भी मिली। ग्रामीणों ने भी आपबीती को खुलकर साझा किया। 11 जून की शाम को माफियाओं ने 5 से 6 राउंड गोली हवा में फायरिंग की थी। जिसमें एक ग्रामीण गोली से घायल हुआ था। इसके बाद से मास्टरमाइंड संजय सिंह फरार है।
हालांकि पुलिस ने प्रकरण में शामिल वाहन चालक, पार्षद और वाहन मालिक को जेल भेज दिया है। जबकि वाहन मालिक से कथित सांठगांठ के आरोप में सोमनी थाना प्रभारी को निलंबित भी किया गया है। बैज ने कहा कि यह दुर्भाग्य है कि भाजपा के राज में दीगर राज्यों के गुर्गे संस्कारधानी पहुंचकर आतंक पहुंचा रहे हैं।
ग्रामीणों के द्वारा अवैध रेत उत्खनन करने का विरोध करने की सराहना करते बैज ने कहा कि ग्रामीण प्राकृतिक जलस्रोत और अन्य संसाधन को संजोने के लिए जागरूक हैं। ऐसे में फायरिंग की घटना होना कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। बैज ने बातचीत में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को भी घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि डेढ़ दशक तक मुख्यमंत्री रहे डॉ. सिंह के विधानसभा में हुई यह घटना बेहद गंभीर है। इसके बावजूद डॉ. सिंह और अन्य नेता ठोस कार्रवाई करने में गंभीर नहीं है।
बैज ने करीब घंटेभर रहकर मौके की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा, जिलाध्यक्ष भागवत साहू, जितेन्द्र मुदलियार, महेन्द्र यादव, मेहुल मारू समेत अन्य लोग शामिल थे।


