राजनांदगांव
जिपं सदस्य महेन्द्र की अगुवाई में घंटो ग्रामीणों का प्रदर्शन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 जून। सडक़ बनाने की मांग को लेकर जिला पंचायत सदस्य महेन्द्र यादव की अगुवाई में गुरुवार को ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे में प्रदर्शन करते चक्काजाम किया। प्रदर्शन के चलते नेशनल हाईवे में दोनों ओर ट्रकों की लंबी कतार लग गई। चक्काजाम में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थी। महिलाओं के हाथों में तख्तियां थी। जिसमें कोपेडीह से बोदेला मार्ग निर्माण की स्वीकृति और अन्य मांग शामिल थे।
चक्काजाम में शामिल ग्रामीणों का आरोप है कि सरकार उनकी मांग को अनसुना कर रही है। लंबे समय से ग्रामीण उक्त मार्ग की स्वीकृति के लिए प्रशासन से मांग करते आ रहे हैं। इसके बावजूद ग्रामीणों की मांग को नजर अंदाज किया जा रहा था। आखिरकार आज नेशनल हाईवे में प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम कर दिया। जिसके चलते दोनों ओर आवाजाही बाधित रही। वहीं सरकार के खिलाफ पुतला दहन भी किया गया। इस संबंध में चक्काजाम में शामिल पूर्व जिला पंचायत सदस्य कांति बंजारे ने बताया कि 2023-24 में उक्त सडक़ निर्माण को मंजूरी मिल गई थी। अचानक स्वीकृति को निरस्त कर दिया गया।
एक बड़ी आबादी उक्त सडक़ से नेशनल हाईवे के रास्ते राजनंादगांव और तुमड़ीबोड आवाजाही करती है। सडक़ की दशा देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि ग्रामीण जान जोखिम में डालकर सफर कर रहे हैं। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का भी पुतला फूंका। चक्काजाम की खबर के बाद मौके पर सीएसपी पुष्पेन्द्र नायक दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं डोंगरगांव एसडीएम श्रीकांत कोर्राम भी प्रदर्शनकारियों को समझाईश देने के लिए पहुंचे। ग्रामीण कलेक्टर के आश्वासन पर ही चक्काजाम समाप्त करने के लिए आमादा रहे। इन पंक्तियों के लिखे जाने तक ग्रामीणों का नेशनल हाईवे में प्रदर्शन जारी रहा। प्रदर्शन करने वालों में मदन साहू, कांति बंजारे समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल थे।


