राजनांदगांव
खाद-बीज और नगद के रूप में 5 अरब वितरण का लक्ष्य, जिले में सवा लाख से अधिक किसान पंजीकृत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 जून। खरीफ फसल लेने वाले किसानों के लिए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक प्रबंधन ने अब तक 2 अरब से अधिक का ऋण वितरण कर दिया है। वहीं खाद-बीज का उठाव भी अधिकांश किसान कर चुके हैं। जिले में खाद-बीज और नगद के रूप में 5 अरब वितरण का लक्ष्य रखा गया है। जिले में सवा लाख से अधिक किसान पंजीकृत हैं। इधर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष सचिन बघेल का कहना है कि किसानों को बैंक के माध्यम से ऋण और खाद-बीज की पर्याप्त व्यवस्था कराई जा रही है। सोसायटियों के माध्यम से किसानों को यह लाभ दिया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार राजनांदगांव जिले में अब तक 2 अरब रुपए से अधिक का किसानों को ऋण वितरण कर दिया गया है। खाद-बीज का उठाव भी अधिकांश किसान कर चुके हैं। शासन के निर्देश के बाद किसानों को राजनांदगांव जिले में भी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अधीनस्थ आने वाली 96 सोसायटियों के माध्यम से खाद-बीज और ऋण की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जा रही है।
वर्ष 2025-26 खरीफ फसल के दौरान जिला सहकारी केंद्रीय बैंक प्रबंधन द्वारा नगद और खाद-बीज के रूप में कुल 5 अरब रुपए का वितरण का लक्ष्य रखा गया है। जिसमें से अब तक 46 हजार 653 किसान सोसायटियों से नगद और वस्तु के रूप में कुल 23883.74 लाख रुपए का वितरण कर दिया गया है। जिसमें से नगद 20950.47 लाख रुपए ऋण के रूप में वितरित किए जा चुके हैं। राजनांदगांव जिले में पंजीकृत किसानों की संख्या भी लगभग एक लाख 25 हजार के आसपास बताई जा रही है।
वहीं खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में अब तक 26952 पंजीकृत किसानों को नगद 18644.45 लाख रुपए और वस्तु के रूप में 1803.42 लाख रुपए का वितरण कर दिया गया है। कुल वितरण 20447.87 लाख रुपए का वितरण कर दिया गया है। इधर मोहला-मानपुर-अं. चौकी जिले में इस वर्ष कुल 150 करोड़ रुपए का ऋण वितरण का लक्ष्य रखा गया है। जिसमें से अब तक 21691 किसानों ने नगद 4869.15 लाख तथा वस्तु के रूप में 1147.16 लाख रुपए ले चुके हैं। कुल 6016.31 लाख रुपए का वितरण कर दिया गया है।


