राजनांदगांव

वन नेशन - वन इलेक्शन के तहत देश में निर्वाचन कराया जाना संभव-रमन सिंह
22-May-2025 5:03 PM
वन नेशन - वन इलेक्शन के तहत देश में निर्वाचन कराया जाना संभव-रमन सिंह

संगोष्ठी में एक राष्ट्र एक चुनाव पर किया गया मंथन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 मई।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम राजनांदगांव में सामाजिक संस्था उदयाचल द्वारा आयोजित वन नेशन - वन इलेक्शन संगोष्ठी कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि वन नेशन वन इलेक्शन समकालीन चुनाव की अवधारणा पर परिचर्चा है। संगोष्ठी में सभी समाज एवं वर्गों के लोग उपस्थित हंै, जहां सामाजिक समरसता का ताना-बाना दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि संगोष्ठी में देश की चिंता के साथ जिले के बुद्धिजीवी वर्ग भी एक साथ मिलकर इस पर विचार कर रहे हैं।
डॉ. सिंह ने कहा कि वन नेशन - वन इलेक्शन की अवधारणा को लेकर 2023 में 10 सदस्यी कमेटी का गठन किया गया। जिसमें सभी वर्गों के बुद्धिजीवी शामिल थे। उनके सामने एक साथ चुनाव कराए जाने की चुनौतियां थी। कमेटी द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव पर देश का व्यापक समर्थन मिला। यहां तक कि विभिन्न भाषाओं में इसका प्रकाशन कराकर लोगों की राय जानी गई। सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि देश के लगभग 80 प्रतिशत लोगों ने वन नेशन वन इलेक्शन का व्यापक समर्थन किया।

उन्होंने कहा कि वन नेशन - वन इलेक्शन दुनिया के अन्य देशों में भी लागू है, इससे उन देशों में सामाजिक, आर्थिक स्थिरता आयी है। अमेरिका, दक्षिण अफ्रीका, बेलजियम सहित अन्य देशों में निर्वाचन की यह प्रणाली लागू है। उन्होंने इंडोनेशिया का उदाहरण देते कहा कि वहां एक दिन में 20 करोड़ मतदाताओं ने 4 स्तरीय प्रतिनिधियों के चुनाव में हिस्सा लिया। ऐसे देश में जब यह कार्य हो सकता है, तो फिर हमारे देश में क्यों नहीं हो सकता।

सांसद संतोष पांडे ने कहा कि संविधान लागू होने के बाद से विधानसभा एवं लोकसभा के चुनाव एक साथ होते रहे, लेकिन बाद में परिस्थितियां बदली और लोकसभा एवं विधानसभा के चुनाव अलग-अलग होने लगे। वर्तमान में केन्द्र सरकार द्वारा एक राष्ट्र एक चुनाव को लेकर पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में गठित कमेटी द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के आधार पर संसद में बिल प्रस्तुत किया गया। देश में एक साथ चुनाव के लिए आम लोगों तक इसकी जानकारी के साथ उनकी राय भी ली जा रही है।

 

पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने कहा कि वन नेशन वन इलेक्शन विषय पर समाज एवं राष्ट्र के सभी वर्ग के लोग कार्य करने में जुटे हैं। महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि वन नेशन वन इलेक्शन देश के मूल्यों और विचारों पर आधारित है, इसकी आज नितांत आवश्यकता है।  पद्मश्री डॉ. पुखराज बाफना ने  कहा कि यह राष्ट्र चिंतन एवं जनजागरण की संगोष्ठी है। एक राष्ट एक चुनाव से जहां समय एवं अर्थ की बचत होगी, वहीं चुनावी आवृत्ति में कमी आएंगी। पद्मश्री फूलबासन यादव ने कहा कि वन नेशन - वन इलेक्शन देश के लोकतंत्र मजबूती प्रदान करेगा।

उन्होंने कहा कि बार-बार चुनाव होने से आम जनता को परेशानी होती है। एक साथ चुनाव होने पर समय और धन की बचत होगी। वहीं गांव के गरीब लोगों के लिए कल्याणकारी योजनाएं बनेगी।
इस अवसर पर अधिवक्ता एचबी गाजी ने भी अपने विचार प्रकट किए और वन नेशन- वन इलेक्शन के प्रस्ताव पर सहमति जतायी। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष  किरण वैष्णव, पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित के अध्यक्ष सचिन बघेल, कोमल सिंह राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधि  एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट