राजनांदगांव
ग्रामीण महिलाओं का आरोपियों पर सख्ती व कड़ी सजा देने की मांग, तख्ती लगाकर किया प्रदर्शन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 मई। डोंगरगांव क्षेत्र के एक निजी स्कूल की महिला प्राचार्य का अपहरण कर जबर्दस्ती विवाह रचाने के मामले में आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने को लेकर मंगलवार को क्षेत्र की महिलाएं बड़ी संख्या में एसपी कार्यालय का घेराव किया। महिलाओं ने हाथों में तख्ती लेकर एसपी कार्यालय के सामने जमकर नारेबाजी भी की। प्रदर्शन करने वाली महिलाओं ने हाथों में तख्ती पकडक़र आरोपियों को फांसी की सजा देने दिलाने को लेकर आवाज बुलंद की। इधर पुलिस का कहना है कि मामले के सभी आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है।
डोंगरगांव क्षेत्र के एक निजी स्कूल की महिला प्राचार्य का अपहरण किया था। बताया गया कि मुख्य आरोपी सत्तारूढ़ दल भाजपा का कार्यकर्ता है। अपहरण के बाद मुख्य आरोपी ने महिला प्राचार्य के साथ जबर्दस्ती विवाह भी रचा लिया था।
मिली जानकारी के अनुसार 16 मई को डोंगरगांव इलाके के एक निजी स्कूल की महिला प्राचार्य के पद पर कार्यरत युवती का एक कार में सवार कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया था। इसके बाद आरोपी अनूप चंद्राकर ने अपने साथियों के साथ एक जंगल में जबरिया शादी कर ली और उसका वीडियो भी बनाया था। वहीं अपहृता की मां ने डोंगरगांव पुलिस में मामले की शिकायत की। जब युवती का अपहरण किया जा रहा था, उस दौरान कुछ ग्रामीणों ने घटना को देखा था। इस बीच पुलिस अपहरण की घटना को लेकर तत्परता दिखाई और पुलिस के बढ़ते दबाव के लेकर आरोपियों ने युवती के रिश्तेदार के घर उसे छोड़ा था। वहीं पुलिस ने अपहरण के मामले में शामिल रोशन निषाद और तामेश्वर निषाद को गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शादी में प्रयुक्त मंगलसूत्र, कपड़े व अन्य वैवाहिक सामान बरामद किया था। इधर मंगलवार को डोंगरगांव थाना क्षेत्र की महिलाओं ने बड़ी संख्या में जिला मुख्यालय के एसपी कार्यालय में पहुंचकर आरोपियों को फांसी की सजा दिलाने व कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग को लेकर नारेबाजी करते प्रदर्शन किया।
रखा जा रहा है मजबूत साक्ष्य
एएसपी राहुल देव शर्मा का कहना है कि डोंगरगांव क्षेत्र के किडनैपिक मामले में पीडि़त पक्ष पहुंचे हैं। उनकी मांग है कि आरोपी को अधिक से अधिक सजा मिले। उनको आश्वासन दिया गया है। सभी आरोपी गिरफ्तार हैं। उन पर गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज है। उन पर मजबूत साक्ष्य भी रखा जा रहा है, ताकि उन्हें अधिक से अधिक सजा दिलाई जा सके।
जब्त गाड़ी के मालिक का नाम क्या है?
पीडि़त महिला प्राचार्य ने मंगलवार को एसपी कार्यालय में प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों से चर्चा करते कहा कि वह केवल तीन जानकारी जानने के लिए पहुंची है कि पुलिस ने जो गाड़ी जब्त की है, उसका मालिक कौन है और उस पर क्या कार्रवाई हो रही है। वहीं मुख्य आरोपी के भाई को आरोपी की गतिविधियों व परेशान करने की जानकारी देती रही। वहीं आरोपियों पर क्या-क्या धाराएं लगाई गई है उसकी जानकारी लेने आई हूं।


