राजनांदगांव

मनरेगा बचाने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन
30-Jan-2026 4:59 PM
मनरेगा बचाने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि  पर कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन

किसानों की उपज खरीदने की तारीख बढ़ाने की भी मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 30 जनवरी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को कांग्रेस ने मनरेगा बचाओ संग्राम व धान खरीदी की तारीख को बढ़ाने की मांग को लेकर कन्हारपुरी बायपास में कांग्रेस ने धरना और प्रदर्शन किया।

कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर मनरेगा को एक साजिश के तहत खत्म करने का आरोप लगाया है। ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन करते कांग्रेसियों ने सांकेतिक चक्काजाम किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार के नेतृत्व में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। इसके अलावा राज्य सरकार से धान खरीदी की निर्धारित तिथि को आगे बढ़ाने की मांग को प्रबल रूप से उठाया गया। कांग्रेस के स्थानीय सांगठनिक नेताओं ने केंद्र सरकार की वीबी जी-राम-जी योजना को सिरे से खारिज करते कहा कि केंद्र मनमानी पर उतर आया है। महात्मा गांधी के नाम पर दो दशक से जारी मनरेगा स्कीम को साजिश के तहत बंद किया जा रहा है। प्रारंभ से लेकर आज तक मनरेगा में मजदूरों को पर्याप्त काम के साथ आर्थिक रूप से आगे बढ़ाने की नीति रही है।

केंद्र सरकार ने मनरेगा के अधिकारों में भी कटौती की है। वहीं बजट भी कम कर दिया गया है। बायपास में धरना प्रदर्शन के चलते आवाजाही प्रभावित रही। सडक़ में चक्काजाम करते हुए कांग्रेसियों ने केंद्र और राज्य सरकार पर आरोपों की झड़ी लगाते हुए मनरेगा को पूर्व की भांति संचालित करने की मांग की है। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी श्रीकिशन खंडेलवाल, हेमा देशमुख, चेतन भानुशाली, माया शर्मा, अशोक फडऩवीस, राजा तिवारी, विनय झा, राजा यादव, अभिमन्यु मिश्रा, मेहुल मारू, सूर्यकांत जैन, मोहन साहू, पिंकू खान, अब्बास खान, महेश साहू, मनीष साहू, अमित जंघेल शामिल थे।


अन्य पोस्ट