राजनांदगांव

फरार अंतरराज्यीय गौ तस्कर गिरफ्तार
06-Nov-2024 4:00 PM
फरार अंतरराज्यीय गौ तस्कर गिरफ्तार

 अब तक 10 तस्कर गिरफ्तार 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 नवंबर।
खैरागढ़ पुलिस ने फरार महाराष्ट्र का अंतरराज्यीय गौ तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। खैरागढ़ पुलिस ने गौ तस्करी के छग, मप्र और महाराष्ट्र लिंक को ध्वस्त किया। पुलिस ने 130 गौ वंश को कत्लखाना जाने से बचाया। पशु तस्करों के विरूद्ध धारा 4, 6, 10 छग कृषक परीक्षण अधि. 2024 एवं पशु के प्रतिक्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत कार्रवाई की। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण में अब तक 10 गौ तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार 30 जुलाई 2024 को मुखबीर से सूचना मिला कि कैम्प मौहाढ़ार के आगे कुछ दूरी पर कुछ व्यक्ति पैदल मवेशियों को मारपीट करते कत्लखाना ले जा रहे हैं। सूचना पर खैरागढ़ एसपी त्रिलोक बंसल, एएसपी नीतिेश कुमार गौतम क निर्देशन पर पुलिस अनुविभागीय अधिकारी खैरागढ़-गंडई लालचंद मोहले के निर्देशन में गातापार थाना प्रभारी उनि मोरध्वज देशमुख के नेतृत्व में स्टॉफ के साथ ग्राम मौहाढ़ार पहुंचे। 

मवेशियों को डंडे से पीटते हुए ले जा रहे थे। दो लोग पुलिस गाड़ी को देखकर भाग गए एवं एक व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा गया। उसका नाम-पता पूछने पर अपना नाम शिव नंदन साहू (55)मुढ़ीपार केसीजी जिला का रहने वाला बताया, जो ग्राम मुढ़ीपार से मवेशियों को कटेमा की ओर पुनीत टेकाम के दैहान में ले जाना बताया, जिसे पूछने पर भागे गए दो व्यक्ति के नाम पुनीत टेकाम के बेटे राजेश टेकाम और सुंदर टेकाम निवासी मौहाढ़ार का होना बताया। आरोपियों से गाय 55 नग कीमती एक लाख 50 हजार रुपए, बछिया 45 नग कीमती 60 हजार रुपए, बछड़ा 30 नग कीमती 30 हजार रुपए कुल 130 नग मवेशियों कुल कीमती 2 लाख 40 हजार रुपए को जब्त किया गया। 

आरोपी राजेश टेकाम व सुंदर टेकाम का कथन लिया गया, जिन्होंने अपने कथन में उक्त मवेशी को अंतरराज्यीय गौ तस्कर सबर अली के साथ मिलकर तस्करी करना बताया। प्रकरण में आरोपियों का कृत्य धारा सदर का अपराध पाए जाने से आरोपी शिवनंदन साहू (55) व सुन्दर टेकाम (22) एवं राजेश टेकाम (20) को 3 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। घटना दिनांक से मुख्य आरोपी सबर अली फरार हो गया था, जिसे 12 अक्टूबर को गिरफ्तार कर पूछताछ करने पर बताया कि उक्त मवेशियों को पानगांव निवासी मनोहर मनघटे को महाराष्ट्र ले जाकर बेच देता है। 

मिली जानकारी के अनुसार प्रकरण में ग्राम पंचायत मुड़ीपार के सरपंच घनश्याम सिन्हा की भी संलिप्तता एवं आरोपियों को मवेशी उपलब्ध कराने में संलिप्तता पाए जाने पर क्रमश: 4 एवं 5 नवंबर को सरपंच घनश्याम सिन्हा एवं मनोहर भोजराम मनघटे को गिरफ्तार किया गया है। केसीजी पुलिस द्वारा प्रकरण में गौ तस्करी के छग, मप्र एवं महाराष्ट्र के चैनल तक पहुंच कर गौवंश तस्करी में लिप्त प्रत्येक आरोपियों का प्रकरण में गिरफ्तारी की गई है। जिससे मवेशी तस्करी में लिप्त अपराधियों में नकेल कसने में सफलता मिली हैं। 


अन्य पोस्ट