राजनांदगांव

सरकारी राशि का दुरूपयोग, भर्रेगांव सरपंच निलंबित
05-Jan-2024 12:30 PM
सरकारी राशि का दुरूपयोग, भर्रेगांव सरपंच निलंबित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 जनवरी।
स्वच्छ भारत मिशन की राशि का मनमाने तरीके से दुरूपयोग करने के मामले में राजनांदगांव एसडीएम अरूण वर्मा ने भर्रेगांव की महिला सरपंच को निलंबित कर दिया है। इससे पहले सरपंच को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था। इसके बाद प्रशासन ने सरपंच को निलंबित किया है।
  
मिली जानकारी के मुताबिक भर्रेगांव की सरपंच एकता चंद्राकर पर स्वच्छ भारत मिशन की राशि का सही तरीके से खर्च नहीं करने का आरोप था। उनके खिलाफ शिकायत की गई थी। जिसमें एसडीएम की ओर से 11 दिसंबर 2023 को नोटिस दिया गया था। बताया जा रहा है कि सरपंच ने उक्त नोटिस का जवाब नहीं दिया। प्रशासन की ओर से 66 हजार 333 रुपए की वसूली प्रकरण भी बनाई गई। उन्होंने न ही पत्र का जवाब दिया और न ही राशि जमा की। इसके तहत  एसडीएम ने धारा 40 पंचायत अधिनियम के तहत कार्रवाई करते निलंबन की कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि कुछ और सरपंचों के खिलाफ  प्रशासन को शिकायतें मिली है। जिसकी जांच की जा रही है। जिले में स्वच्छ भारत मिशन के कई कार्य अधूरे पड़े हैं। करोड़ों रुपए की इस योजना का आम लोगों को लाभ नहीं मिल रहा है।

कांग्रेस समर्थित सरपंच भाजपा के निशाने पर
राज्य में सत्ता बदलते ही नगरीय निकाय से लेकर पंचायतों में भी सियासी उठापटक शुरू हो गया है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस समर्थित सरपंच और अन्य जनप्रतिनिधि भाजपा के निशाने पर है। भर्रेगांव सरपंच एकता चंद्राकर कांग्रेस से जुड़ी हुई है। सरकार बदलते ही उनके खिलाफ शिकायत के आधार पर प्रशासन ने निलंबन की कार्रवाई की है। माना जा रहा है कि भर्रेगांव में एक भाजपा नेता के दबाव के चलते प्रशासन ने कार्रवाई की है। इस बीच नगरीय निकायों में उठापटक की खबर है। जिले के कुछ निकायों में सत्तासीन भाजपा कुर्सी हथियाने के लिए जोर आजमाईश कर रही है। बताया जा रहा है कि आने वाले कुछ दिनों में कुर्सी को लेकर जंग छिड़ती नजर आएगी।


अन्य पोस्ट