राजनांदगांव

फेसबुक से मित्र बनी लंदन की महिला संग एक और शामिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 जनवरी। फेसबुक के जरिये मित्र बनी एक महिला के हाथों अधेड़ लाखों की ठगी का शिकार हो गया। लंदन निवासी होने का दावा करने वाली महिला ने ब्रिटिश करेंसी को भारतीय रुपए में बदलने का हवाला देकर जालसाजी की। इस हेराफेरी के मामले में एक और महिला भी शामिल है। पुलिस को लिखित शिकायत करते पीडि़त ने न्याय की गुहार लगाई है।
पुलिस के मुताबिक रायपुर नाका के पास बीके नगर के रहने वाले 51 साल के रेमन निकोलस की दो माह पूर्व फेसबुक के जरिये लंदन की जेनिफर मैक्सवेल जार्ज नामक महिला से जान-पहचान हुई। दोनों के बीच फेसबुक के माध्यम से बातचीत होती रही। इस दौरान महिला ने भारत घूमने आने का हवाला देकर निकोलस से 2 लाख ब्रिटिश करेंसी को भारतीय मुद्रा में बदलने के लिए मदद मांगी।
भारतीय रुपए नहीं होने की बात पर विश्वास करते शिकायतकर्ता ने करेंसी को बदलने की प्रक्रिया शुरू की। महिला ने रॉयल बैंक स्कॉटलैंड इंडिया के ब्रांच में दो लाख रुपए जमा करने की बात कही। दिल्ली एयरपोर्ट से इस दौरान आव्रजन अधिकारी (इमिग्रेशन ऑफिसर) बनकर याना गुप्ता नामक महिला ने मेडिटर के रूप में शिकायतकर्ता से संपर्क किया।
याना गुप्ता ने दो लाख पाउंड को इंडियन करेंसी में बदलने के लिए पीडि़त से 9 दिसंबर 2023 को 70-70 हजार (तीन किस्त में 2 लाख 10 हजार), 11 दिसंबर 2023 को एक लाख 85 हजार तथा 13 दिसंबर 2023 को 3 लाख 48 हजार रुपए लिए। इस तरह कुल 6 लाख 3 हजार 500 रुपए एक्सचेंज चार्ज के तौर पर लिए।
काफी दिनों तक जब लंदन की महिला मित्र ने भारत आने के लिए हील-हवाला शुरू किया, तब शिकायतकर्ता को साइबर ठगी का शिकार होने का अहसास हुआ।
कोतवाली पुलिस ने शिकायत के बाद मामले को जांच में लिया है। पीडि़त सोमनी स्थित हाईटेक रॉक फाइबर प्रा. लि. कंपनी में एजियम सेल्स के पद पर कार्यरत है।